Homeदेश - विदेशदिल्ली में संसद मार्च के दौरान हंगामा: संसद भवन के गेट बंद,...

दिल्ली में संसद मार्च के दौरान हंगामा: संसद भवन के गेट बंद, सुरक्षा बढ़ी, पीएम मोदी लौटे आवास

नई दिल्ली। संसद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच सोमवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों को संसद भवन तक पहुंचने से रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने बैरिकेडिंग कड़ी कर दी और आंसू गैस के गोले छोड़े। हालात को देखते हुए संसद भवन के सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई।

संसद भवन की सुरक्षा बढ़ाई गई

सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो मानसून सत्र के लिए संसद पहुंचे थे, वापस अपने आवास लौट गए। संसद परिसर की सुरक्षा का जिम्मा सीआईएसएफ ने संभाल लिया है और फिलहाल किसी भी व्यक्ति के प्रवेश और निकास पर रोक लगाई गई है।

दिल्ली की कई सड़कें और मेट्रो स्टेशन बंद

दिल्ली पुलिस ने संसद मार्ग की ओर जाने वाले कई प्रमुख रास्तों को सील कर दिया। इसके अलावा जंतर-मंतर के प्रदर्शन स्थल को चारों ओर से घेर दिया गया। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। सुरक्षा कारणों से जनपथ, पटेल चौक, राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों को भी अस्थायी रूप से बंद रखा गया।

बैरिकेड पार करने की कोशिश, आंसू गैस के गोले छोड़े गए

सूत्रों के अनुसार, पूर्वाह्न करीब 11:25 बजे प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने संसद मार्ग पर लगाए गए बैरिकेड हटाने और सुरक्षा घेरा पार करने की कोशिश की। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान धक्का-मुक्की और झड़प जैसी स्थिति भी बनी, जिसमें कुछ प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आने की सूचना है। घटना के बाद 10 से 15 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया

पथराव के दावों पर पुलिस का बयान

प्रदर्शन के दौरान पथराव की भी चर्चा रही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने कहा कि अब तक दिल्ली पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

फिलहाल स्थिति पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments