बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। स्कूल जा रहे एक प्रधानपाठक की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मामला त्रिकुंड थाना क्षेत्र का है।
स्कूल जाते समय बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जयकरन जगते के रूप में हुई है। वे ग्राम धमनी-कुमीहा स्थित शासकीय विद्यालय में प्रधानपाठक के पद पर कार्यरत थे। सोमवार सुबह वे रोज की तरह स्कूल के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
जमीन विवाद की आशंका, कई लोगों से पूछताछ
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा।


Recent Comments