कोमाखान। थाना कोमाखान पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम नवाडीह कसेकेरा में पानी टंकी के नीचे चल रहे काटपत्ती जुआ के फड़ पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार मौके पर सात लोगों को 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते पकड़ा गया, जबकि कुछ जुआरी पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले।
पुलिस के मुताबिक 14 अगस्त 2026 की रात करीब 12:10 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नवाडीह कसेकेरा के खुले स्थान पर पानी टंकी के नीचे कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी।
मौके पर मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर कुछ लोग झुंड बनाकर बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर कुछ लोग भाग निकले, जबकि सात लोगों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान दौलत राम साहू (51), डिगेश्वर साहू (30), ललित साहू (27), धनेशराम यादव (42), रूपेश साहू (26), संतोष साहू (32) और हरेश यादव (45) के रूप में हुई। सभी ग्राम नवाडीह कसेकेरा, थाना कोमाखान क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

मोबाइल, नकदी और ताश जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग मोबाइल फोन और नकदी रकम बरामद की। कार्रवाई में टेक्नो स्पार्क, वनप्लस, पोको और रियलमी कंपनी के मोबाइल फोन शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से नकदी तथा जुआ फड़ पर दांव में लगी रकम भी बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने के लिए बिछाई गई सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 20,200 रुपए है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की। सभी आरोपियों को गिरफ्तारी का कारण बताकर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
मामला जमानतीय होने के कारण सक्षम जमानतदार पेश किए जाने पर सभी सात आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक जनकराम उरांव सहित सउनि सिकंदर भोई और थाना स्टाफ की भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि जुआ एवं सट्टा जैसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Recent Comments