Homeकोरियाकोरिया कटगोड़ी हत्याकांड: भाजपा नेता की हत्या के बाद प्रशासन अलर्ट, कई...

कोरिया कटगोड़ी हत्याकांड: भाजपा नेता की हत्या के बाद प्रशासन अलर्ट, कई क्षेत्रों में धारा 163 लागू

कोरिया। जिले के सोनहत क्षेत्र स्थित ग्राम कटगोड़ी में हुए चर्चित हत्याकांड के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह और उनके दो साथियों की मौत के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति और शांति भंग की आशंका को देखते हुए कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने संवेदनशील क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू करने के आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार महलपारा बैकुंठपुर, नौगई तथा कटगोड़ी स्थित भरत सिंह गहरवार के क्रेशर प्लांट क्षेत्र के 300 मीटर के दायरे में विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे। प्रशासन ने इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के जुलूस, धरना-प्रदर्शन, आमसभा और हथियारों के साथ सार्वजनिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।

हथियार, जुलूस और भड़काऊ गतिविधियों पर प्रतिबंध

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति घातक अस्त्र-शस्त्र, विस्फोटक सामग्री या अन्य खतरनाक वस्तुओं के साथ नहीं घूम सकेगा। साथ ही भड़काऊ नारेबाजी, आपत्तिजनक पोस्टर, पर्चे या सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाली गतिविधियों पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

प्रशासन का कहना है कि यह कदम क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

छत्तीसगढ़ ब्रेकिंग: कार में जिंदा जले दो भाई, भाजपा नेता समेत दो की दर्दनाक मौत

पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को रेत उत्खनन और पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। रात करीब 10:30 बजे भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह अपने साथियों योगेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, मयंक सिंह और नागेंद्र सिंह के साथ ग्राम कटगोड़ी में मनोज त्रिपाठी के घर के सामने पहुंचे थे।

आरोप है कि वहां मौजूद मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी और अन्य आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते भरत सिंह की फॉर्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की संख्या बढ़कर तीन

इस हमले में भरत सिंह के साथ मौजूद अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए थे। इनमें वीरेंद्र सिंह और नागेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था, जिसके मद्देनजर पुलिस और प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर दी है।

रेत के खूनी खेल में दो भाजपा नेताओं की मौत: भरत सिंह के बाद वीरू सिंह ने भी तोड़ा दम, CM साय बोले- दोषियों को नहीं बख्शेंगे

प्रशासन की लगातार निगरानी

जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोका जा सके।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास तथा आगजनी समेत विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

sitename%
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments