Homeछत्तीसगढ़महासमुंद में बड़ी कार्रवाई: कार से 9.17 करोड़ के सोने के आभूषण...

महासमुंद में बड़ी कार्रवाई: कार से 9.17 करोड़ के सोने के आभूषण जब्त, तीन लोग पकड़े गए

महासमुंद। जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए वोक्सवैगन कार से करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने कार में सवार तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, एनएच-353 स्थित रेहटीखोल नाका में 17 मई 2026 को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही वोक्सवैगन वरटस कार क्रमांक GJ 03 NP 4230 को रोककर जांच की गई।

कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट के नीचे बनाए गए चेंबर में रखे दो पीठू बैग मिले। बैग के अंदर छह प्लास्टिक बॉक्स में विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण रखे हुए थे। जांच में कुल 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार 220 रुपये बताई गई है।

कार में सवार तीनों व्यक्तियों ने अपने नाम जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावत निवासी राजकोट (गुजरात) बताए। पुलिस ने उनसे सोने के आभूषणों से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया, लेकिन मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

इसके बाद पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत सोने के आभूषण और परिवहन में प्रयुक्त वोक्सवैगन कार को जब्त कर लिया। जब्त वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल जप्त संपत्ति की कीमत 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार 220 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने मामले की अग्रिम जांच और कार्रवाई के लिए आयकर विभाग तथा राजस्व सूचना निदेशालय (डीआरआई) छत्तीसगढ़ को सूचना भेज दी है।

जब्त संपत्ति

  • 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण
  • कीमत : ₹9,17,84,220
  • वोक्सवैगन वरटस कार
  • कीमत : ₹10,00,000

कुल जब्ती

₹9,27,84,220 रुपए।

यहां देखें वीडियों

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments