Homeछत्तीसगढ़कटगोड़ी हत्याकांड: भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी समेत चार आरोपियों ने किया सरेंडर,...

कटगोड़ी हत्याकांड: भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी समेत चार आरोपियों ने किया सरेंडर, अब तक 8 गिरफ्तार

मनेंद्रगढ़/कोरिया। कोरिया जिले के चर्चित कटगोड़ी तिहरे हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपी और भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी समेत चार आरोपियों ने शनिवार को मनेंद्रगढ़ कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में बैकुंठपुर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वालों में मनोज त्रिपाठी के अलावा अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी शामिल हैं। इससे पहले पुलिस इस मामले में अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।

कोरिया कटगोड़ी हत्याकांड: भाजपा नेता की हत्या के बाद प्रशासन अलर्ट, कई क्षेत्रों में धारा 163 लागू

तीन लोगों की गई थी जान

गौरतलब है कि 16 जून की रात सोनहत तहसील के ग्राम कटगोड़ी में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह और उनके साथियों पर जानलेवा हमला किया गया था। आरोपियों ने कथित तौर पर फॉर्च्यूनर वाहन को पहले क्षतिग्रस्त किया और फिर उसमें पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

इस भयावह घटना में भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनके साथी वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और नागेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।

रेत विवाद को माना जा रहा वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी, जिसके बाद तनाव और बढ़ गया था।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने समझौते के बहाने मृतक पक्ष को गांव बुलाया था। गांव पहुंचने के बाद उनकी गाड़ी को पहले टिपर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया गया और फिर उसमें आग लगा दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग से बचने के लिए बाहर निकलने की कोशिश करने वालों के साथ भी मारपीट की गई।

जांच जारी

पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। इस तिहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments