छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी; कई जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 जुलाई के लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी, वहीं आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, सक्रिय मानसूनी परिस्थितियों के कारण छत्तीसगढ़ में आज कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज हो सकती है। हालांकि 8 से 12 जुलाई के दौरान राज्य में हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों, यात्रियों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का भी खतरा

आईएमडी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही तेज हवाओं के कारण कमजोर संरचनाओं और पेड़ों को भी नुकसान पहुंच सकता है।

पूरे देश में तेजी से आगे बढ़ रहा है मानसून

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 7 जुलाई को गुजरात के शेष हिस्सों तथा राजस्थान और हरियाणा के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़त दर्ज की है। अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के पूरे देश को कवर करने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

इन राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी ने केरल, कर्नाटक, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना भी जताई गई है।

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश और बिजली चमकने के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। जलभराव वाले क्षेत्रों, उफनते नालों और नदी-नालों को पार करने से बचें। किसान भी मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

छत्तीसगढ़ में 5वीं, 7वीं और 8वीं का बदलेगा सिलेबस, नई किताबों में दिखेगी स्थानीय संस्कृति और इतिहास की झलक

रायपुर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के तहत छत्तीसगढ़ में स्कूली शिक्षा में एक और बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कक्षा 5वीं, 7वीं और 8वीं की पाठ्यपुस्तकों और पाठ्यक्रम को नए सिरे से तैयार किया जाएगा। इससे पहले कक्षा 1 से 3 और 6वीं की नई किताबें तैयार की जा चुकी हैं। अब अगले चरण के तहत 7 जुलाई से 30 सितंबर तक तीन महीने का विस्तृत कार्ययोजना लागू की जाएगी।

राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा तैयार की जा रही नई किताबें एनसीईआरटी के नए पाठ्यक्रम पर आधारित होंगी। साथ ही इनमें छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, भूगोल, जनजातीय इतिहास, रीति-रिवाज, पर्यटन, तीज-त्योहार, ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों और स्थानीय महापुरुषों से जुड़ी सामग्री को भी प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।

स्थानीय विषयों को मिलेगा विशेष स्थान

गौरतलब है कि पूर्व में पाठ्यपुस्तकों से छत्तीसगढ़ से जुड़े विषय हटाए जाने पर व्यापक विरोध हुआ था। इसके बाद स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने एससीईआरटी की उच्चस्तरीय बैठक में स्थानीय संस्कृति और इतिहास को पाठ्यक्रम में शामिल करने के निर्देश दिए थे। अब इन्हीं निर्देशों के अनुरूप नई पुस्तकों का निर्माण शुरू किया जा रहा है।

तीन महीने चलेगा पाठ्यपुस्तक निर्माण का काम

एससीईआरटी के संचालक रितुराज रघुवंशी ने 7 जुलाई से 30 सितंबर तक विषयवार कार्यशालाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। इस दौरान पाठ्यक्रम की समीक्षा, विषयवस्तु का चयन, अध्याय लेखन, अभ्यास प्रश्न तैयार करना, ग्राफिक डिजाइन, प्रूफ रीडिंग, ले-आउट और अंतिम संशोधन जैसे सभी कार्य पूरे किए जाएंगे।

सितंबर के अंत तक तैयार मसौदे को शिक्षा स्थायी समिति के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

पहले ही तैयार हो चुकी हैं 23 नई किताबें

एससीईआरटी इससे पहले कक्षा 1, 2, 3 और 6 के लिए हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम की 23 नई पाठ्यपुस्तकें तैयार कर चुका है। इन्हें शैक्षणिक सत्र 2025-26 से लागू करने की स्वीकृति भी मिल चुकी है। इसी प्रक्रिया के तहत राज्य पाठ्यचर्या की रूपरेखा (एससीएफ) भी तैयार की गई थी।

7वीं में गणित और योग शिक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

इस चरण में कक्षा 5वीं और 8वीं के सभी विषयों की नई किताबें तैयार की जाएंगी, जबकि 7वीं में विशेष रूप से गणित और योग शिक्षा पर ध्यान दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार नई किताबों की भाषा सरल, व्यवहारिक और बच्चों के लिए सहज होगी। इसके लिए सेवानिवृत्त प्राचार्यों और विषय विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा रही हैं।

नई पाठ्यपुस्तकों का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यार्थियों को अपने राज्य की संस्कृति, इतिहास और स्थानीय विरासत से भी जोड़ना है।

महतारी वंदन योजना में बड़ी लापरवाही: पुरुष के खाते में महीनों तक पहुंचती रही राशि, सत्यापन व्यवस्था पर उठे सवाल

खैरागढ़। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित महतारी वंदन योजना में खैरागढ़ परियोजना के तहत गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्राम मुढ़ीपार निवासी एक पुरुष, तिलोक साहू, का आवेदन योजना में स्वीकृत हो गया और उसके बैंक खाते में लगातार कई महीनों तक योजना की राशि भी जमा होती रही। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आवेदन में हितग्राही और पति—दोनों का नाम तिलोक साहू दर्ज था, इसके बावजूद आवेदन आंगनबाड़ी और सुपरवाइजर दोनों स्तरों से सत्यापित कर दिया गया।

दो स्तरों पर सत्यापन के बाद मिलता रहा भुगतान

ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार आवेदन खैरागढ़ परियोजना के मुढ़ीपार सेक्टर से संबंधित है। इसमें आवेदन की स्थिति आंगनबाड़ी और सुपरवाइजर स्तर पर ‘सत्यापित’ दर्शाई गई है। इसके बाद संबंधित बैंक खाते में योजना की राशि का भुगतान शुरू हो गया। वर्तमान में आवेदन ‘परमानेंट होल्ड’ पर है और ‘लाभ त्याग अनुरोध स्वीकृत’ की स्थिति दिखाई दे रही है।

अंबिकापुर में 13 साल तक छिपा रहा गैंग्स ऑफ वासेपुर का आरोपी, बस-एम्बुलेंस कारोबार से बनाया करोड़ों का नेटवर्क

भुगतान और रिकवरी में भी सामने आई विसंगति

मामले में एक और बड़ा सवाल भुगतान और रिकवरी को लेकर उठ रहा है। ऑनलाइन रिकॉर्ड में संबंधित खाते में 12 महीने तक भुगतान होने की जानकारी सामने आई है, जबकि एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना खैरागढ़ द्वारा 3 जुलाई 2026 को बैंक को भेजे गए पत्र में केवल 10 हजार रुपये शासन के खाते में वापस जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। यदि भुगतान 12 महीने तक हुआ, तो रिकवरी केवल 10 महीने की राशि की क्यों की गई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

परियोजना अधिकारी ने क्या कहा?

परियोजना अधिकारी रंजना श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित हितग्राही से राशि की रिकवरी कर ली गई है। अन्य तथ्यों के संबंध में उन्होंने रिकॉर्ड देखने के बाद जानकारी देने की बात कही। हालांकि, यह अब भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एक पुरुष का आवेदन योजना में कैसे स्वीकार हुआ, दो स्तरों पर उसका सत्यापन किस आधार पर हुआ और इतने लंबे समय तक भुगतान क्यों जारी रहा।

हितग्राही का दावा- ट्रायल के लिए किया था आवेदन

तिलोक साहू का कहना है कि वह एक सीएससी सेंटर संचालित करता है। महतारी वंदन योजना का पोर्टल शुरू होने के शुरुआती दौर में आवेदन प्रक्रिया को समझने और ट्रायल के उद्देश्य से उसने स्वयं आवेदन किया था। उसके अनुसार उसके खाते में कुल 10 हजार रुपये आए थे, जिसके बाद भुगतान बंद हो गया। विभाग द्वारा रिकवरी की कार्रवाई के बाद उसने पूरी राशि वापस जमा करा दी।

विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल

यह मामला महतारी वंदन योजना की सत्यापन व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। महिलाओं के लिए बनी योजना में एक पुरुष का आवेदन स्वीकृत होना, दो स्तरों पर सत्यापन होना और महीनों तक भुगतान जारी रहना विभागीय निगरानी की बड़ी चूक माना जा रहा है। अब यह देखना होगा कि केवल राशि की वसूली तक कार्रवाई सीमित रहती है या गलत सत्यापन और स्वीकृति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय की जाती है।

अंबिकापुर में 13 साल तक छिपा रहा गैंग्स ऑफ वासेपुर का आरोपी, बस-एम्बुलेंस कारोबार से बनाया करोड़ों का नेटवर्क

अंबिकापुर। झारखंड के चर्चित दोहरे हत्याकांड का आरोपी गैंग्स ऑफ वासेपुर से जुड़े गैंगस्टर शब्बीर आलम पिछले 13 वर्षों से अंबिकापुर में फर्जी पहचान के सहारे रह रहा था। इस दौरान उसने न केवल शहर में आलीशान मकान बनाया, बल्कि बस और एम्बुलेंस संचालन समेत कई कारोबार में साझेदारी कर अपना मजबूत नेटवर्क भी खड़ा कर लिया।

मामले का खुलासा तब हुआ, जब 3 जुलाई को झारखंड के धनबाद से पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार करने अंबिकापुर पहुंची। पुलिस ने रिंग रोड स्थित मोनीनपुरा इलाके में दबिश दी, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर शब्बीर आलम और उसका साथी फरार हो गए। तब से दोनों की तलाश जारी है।

पुलिस कस्टडी से फरार होने के बाद अंबिकापुर में बनाई नई पहचान

जांच में सामने आया है कि वर्ष 2013 में पुलिस कस्टडी से फरार होने के बाद शब्बीर आलम अपने सहयोगी जावेद खान के साथ अंबिकापुर के मोनीनपुरा इलाके में रह रहा था। इतने वर्षों तक उसने अपनी असली पहचान छिपाकर स्थानीय स्तर पर कारोबार फैलाया और सामाजिक रूप से भी सक्रिय बना रहा।

बस संचालक के साथ साझेदारी में चल रहा था कारोबार

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि स्थानीय बस संचालक वैदुल खान ने न केवल आरोपी को पनाह दी, बल्कि उसके साथ साझेदारी में व्यवसाय भी संचालित किया। दोनों मिलकर दो बसों, करीब 40 एम्बुलेंस और सिलाई दुकान का कारोबार चला रहे थे। इसी दौरान शब्बीर आलम ने शहर में एक आलीशान मकान भी बनवा लिया।

संरक्षण देने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी

पुलिस अब उन सभी लोगों की पहचान कर रही है, जिन्होंने वर्षों तक आरोपी को संरक्षण दिया या उसके कारोबार में सहयोग किया। मामले में बस संचालक और उसके सहयोगियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है।

एसएसपी ने क्या कहा?

राजेश अग्रवाल ने बताया कि गैंगस्टर को शरण देने, उसकी पहचान छिपाने और उसके साथ साझेदारी में कारोबार करने के मामले में अपराध दर्ज किया गया है। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

07 जुलाई 2026, मंगलवार का राशिफल, मंगलवार का दिन: साहस, ऊर्जा और नए अवसरों का संकेत

07 जुलाई 2026, मंगलवार का दिन कई राशियों के लिए नई शुरुआत, कार्यक्षेत्र में प्रगति और पारिवारिक खुशियों का संदेश लेकर आया है। कुछ जातकों को आर्थिक लाभ और करियर में उन्नति के अवसर मिलेंगे, वहीं कुछ राशियों को खर्च, स्वास्थ्य और रिश्तों में संयम बरतने की सलाह दी गई है। आइए जानते हैं मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का विस्तृत दैनिक राशिफल, जिसमें दांपत्य जीवन, स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति, सावधानी, शुभ अंक, शुभ रंग, दैनिक उपाय, मंत्र और शुभ रत्न की जानकारी दी गई है।


मेष (07 जुलाई 2026)

आज का दिन: कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। आत्मविश्वास बढ़ेगा और रुके हुए कार्य पूरे होने की संभावना है।

दांपत्य: जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। छोटी-मोटी बातों को लेकर बहस से बचें।

सेहत: सिरदर्द या थकान महसूस हो सकती है। पर्याप्त पानी पिएं।

आर्थिक: आय के नए स्रोत बन सकते हैं। अनावश्यक खर्च पर नियंत्रण रखें।

सावधानी: जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें।

शुभ अंक: 9

शुभ रंग: लाल

दैनिक उपाय: हनुमान जी को सिंदूर अर्पित करें।

मंत्र: ॐ हं हनुमते नमः।

शुभ रत्न: मूंगा


वृषभ

आज का दिन: नौकरी और व्यापार में स्थिरता रहेगी। परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा।

दांपत्य: रिश्तों में मधुरता बनी रहेगी। अविवाहितों के लिए अच्छे प्रस्ताव आ सकते हैं।

सेहत: खान-पान संतुलित रखें।

आर्थिक: निवेश से पहले विशेषज्ञ की सलाह लें।

सावधानी: किसी पर आवश्यकता से अधिक भरोसा न करें।

शुभ अंक: 6

शुभ रंग: सफेद

दैनिक उपाय: मां लक्ष्मी को कमल का फूल अर्पित करें।

मंत्र: ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः।

शुभ रत्न: हीरा या ओपल


मिथुन (07 जुलाई 2026)

आज का दिन: संचार और बुद्धिमत्ता के बल पर सफलता मिलेगी। विद्यार्थियों के लिए दिन अनुकूल है।

दांपत्य: संवाद से गलतफहमियां दूर होंगी।

सेहत: गले और सर्दी से बचाव रखें।

आर्थिक: रुका हुआ धन मिलने के योग हैं।

सावधानी: गोपनीय बातें साझा न करें।

शुभ अंक: 5

शुभ रंग: हरा

दैनिक उपाय: गणेश जी को दूर्वा चढ़ाएं।

मंत्र: ॐ गं गणपतये नमः।

शुभ रत्न: पन्ना


कर्क

आज का दिन: भावनात्मक निर्णय लेने से बचें। परिवार का सहयोग मिलेगा।

दांपत्य: प्रेम और विश्वास बढ़ेगा।

सेहत: पेट संबंधी समस्या हो सकती है।

आर्थिक: बचत पर ध्यान दें।

सावधानी: भावुक होकर निर्णय न लें।

शुभ अंक: 2

शुभ रंग: सफेद

दैनिक उपाय: शिवलिंग पर जल अर्पित करें।

मंत्र: ॐ नमः शिवाय।

शुभ रत्न: मोती


सिंह

आज का दिन: नेतृत्व क्षमता से सम्मान मिलेगा। अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा।

दांपत्य: जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें।

सेहत: आंखों की देखभाल करें।

आर्थिक: लाभ के अच्छे अवसर मिलेंगे।

सावधानी: अहंकार से बचें।

शुभ अंक: 1

शुभ रंग: सुनहरा

दैनिक उपाय: सूर्यदेव को तांबे के लोटे से जल अर्पित करें।

मंत्र: ॐ घृणि सूर्याय नमः।

शुभ रत्न: माणिक्य


कन्या (07 जुलाई 2026)

आज का दिन: योजनाएं सफल होंगी। कार्यक्षेत्र में सराहना मिलेगी।

दांपत्य: रिश्तों में विश्वास बढ़ेगा।

सेहत: पाचन तंत्र का ध्यान रखें।

आर्थिक: आय-व्यय संतुलित रहेगा।

सावधानी: छोटी बातों पर तनाव न लें।

शुभ अंक: 5

शुभ रंग: हरा

दैनिक उपाय: भगवान विष्णु को तुलसी अर्पित करें।

मंत्र: ॐ नमो भगवते वासुदेवाय।

शुभ रत्न: पन्ना


तुला

आज का दिन: सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। नए लोगों से लाभदायक संपर्क बनेंगे।

दांपत्य: जीवनसाथी के साथ समय बिताएं।

सेहत: कमर दर्द की शिकायत हो सकती है।

आर्थिक: व्यापार में लाभ मिलेगा।

सावधानी: दिखावे पर खर्च न करें।

शुभ अंक: 6

शुभ रंग: गुलाबी

दैनिक उपाय: मां दुर्गा को लाल पुष्प अर्पित करें।

मंत्र: ॐ दुं दुर्गायै नमः।

शुभ रत्न: ओपल


वृश्चिक (07 जुलाई 2026)

आज का दिन: कठिन कार्य भी पूरे होंगे। साहस और आत्मविश्वास बना रहेगा।

दांपत्य: रिश्तों में विश्वास बनाए रखें।

सेहत: रक्तचाप और तनाव पर ध्यान दें।

आर्थिक: अचानक धन लाभ संभव है।

सावधानी: क्रोध पर नियंत्रण रखें।

शुभ अंक: 9

शुभ रंग: लाल

दैनिक उपाय: हनुमान चालीसा का पाठ करें।

मंत्र: ॐ क्रां क्रीं क्रौं सः भौमाय नमः।

शुभ रत्न: मूंगा


धनु

आज का दिन: यात्रा और शिक्षा के लिए शुभ समय है। नई योजनाएं बन सकती हैं।

दांपत्य: पारिवारिक वातावरण सुखद रहेगा।

सेहत: मौसमी बीमारी से बचाव करें।

आर्थिक: निवेश में लाभ मिल सकता है।

सावधानी: बिना जांचे किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर न करें।

शुभ अंक: 3

शुभ रंग: पीला

दैनिक उपाय: केले के वृक्ष की पूजा करें।

मंत्र: ॐ बृं बृहस्पतये नमः।

शुभ रत्न: पुखराज


मकर (07 जुलाई 2026)

आज का दिन: मेहनत का फल मिलेगा। करियर में प्रगति के संकेत हैं।

दांपत्य: जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा।

सेहत: जोड़ों के दर्द से राहत के लिए व्यायाम करें।

आर्थिक: धन संचय में सफलता मिलेगी।

सावधानी: आलस्य से बचें।

शुभ अंक: 8

शुभ रंग: नीला

दैनिक उपाय: पीपल के वृक्ष के नीचे दीपक जलाएं।

मंत्र: ॐ शं शनैश्चराय नमः।

शुभ रत्न: नीलम (योग्य ज्योतिषीय सलाह के बाद)


कुंभ

आज का दिन: नए विचार सफलता दिलाएंगे। मित्रों से सहयोग मिलेगा।

दांपत्य: संबंधों में पारदर्शिता रखें।

सेहत: नींद पूरी लें।

आर्थिक: नई आय के अवसर मिलेंगे।

सावधानी: वाद-विवाद से दूर रहें।

शुभ अंक: 8

शुभ रंग: आसमानी

दैनिक उपाय: जरूरतमंद को काले तिल का दान करें।

मंत्र: ॐ शं शनैश्चराय नमः।

शुभ रत्न: अमेथिस्ट


मीन (07 जुलाई 2026)

आज का दिन: रचनात्मक कार्यों में सफलता मिलेगी। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी।

दांपत्य: प्रेम और विश्वास मजबूत होगा।

सेहत: मानसिक तनाव कम रहेगा, फिर भी योग-ध्यान करें।

आर्थिक: आय में वृद्धि के संकेत हैं।

सावधानी: भावुक होकर धन संबंधी निर्णय न लें।

शुभ अंक: 3

शुभ रंग: पीला

दैनिक उपाय: भगवान विष्णु को पीले पुष्प अर्पित करें।

मंत्र: ॐ नमो नारायणाय।

शुभ रत्न: पुखराज


आज का सामान्य संदेश

मंगलवार साहस, पराक्रम और ऊर्जा का दिन माना जाता है। आज क्रोध पर नियंत्रण रखते हुए संयम, सेवा और सकारात्मक सोच अपनाने से अधिकांश राशियों के लिए दिन शुभ रह सकता है। धार्मिक कार्य, दान-पुण्य और ईश्वर का स्मरण मानसिक शांति प्रदान करेगा।

Weekly Horoscope (06-12 July 2026): इन राशियों पर रहेगी किस्मत की मेहरबानी, जबकि कुछ को बरतनी होगी सावधानी, पढ़ें साप्ताहिक राशिफल

Weekly Horoscope 06 to 12 July 2026: जुलाई का दूसरा सप्ताह ग्रह-नक्षत्रों की बदलती चाल के कारण सभी 12 राशियों के लिए अलग-अलग परिणाम लेकर आया है। इस Weekly Horoscope के अनुसार कुछ राशि के जातकों को करियर, व्यापार और आर्थिक मामलों में शानदार सफलता मिलने के संकेत हैं, जबकि कुछ लोगों को स्वास्थ्य, रिश्तों और खर्चों को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता होगी। यदि आप जानना चाहते हैं कि 06 जुलाई से 12 जुलाई 2026 तक का सप्ताह आपके लिए कैसा रहेगा, तो पढ़िए यह विस्तृत Weekly Horoscope

मेष राशि Weekly Horoscope

मेष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित परिणाम देने वाला रहेगा। इस दौरान किसी भी काम में लापरवाही या आलस्य आपके लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। सफलता पाने के लिए आपको सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक मेहनत करनी होगी।

सप्ताह की शुरुआत में घरेलू मामलों को लेकर मन कुछ परेशान रह सकता है। संतान से जुड़ी कोई चिंता मानसिक तनाव बढ़ा सकती है। नौकरी करने वालों को कार्यस्थल पर अतिरिक्त जिम्मेदारियों और चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि सप्ताह के मध्य में करियर अथवा व्यवसाय के सिलसिले में यात्रा के योग बनेंगे। यात्रा के दौरान स्वास्थ्य, सामान और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।

व्यापार करने वाले लोगों को इस सप्ताह कागजी कार्यों में लापरवाही नहीं करनी चाहिए। निवेश करने से पहले अच्छी तरह विचार करें और जोखिम लेने से बचें। आर्थिक मामलों में सोच-समझकर निर्णय लेना लाभकारी रहेगा। प्रेम संबंधों में संयम बनाए रखें, क्योंकि छोटी-सी बात विवाद का कारण बन सकती है। वैवाहिक जीवन में जीवनसाथी का सहयोग आपको कठिन परिस्थितियों से बाहर निकालने में मदद करेगा।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें और बजरंग बाण का पाठ करें।


वृषभ राशि Weekly Horoscope

इस Weekly Horoscope के अनुसार वृषभ राशि के लोगों के लिए यह सप्ताह काफी शुभ रहने वाला है। सप्ताह की शुरुआत में लंबे समय से चली आ रही किसी परेशानी का समाधान मिलने से राहत महसूस होगी। आत्मविश्वास बढ़ेगा और नए अवसर प्राप्त होंगे।

करियर और व्यापार के सिलसिले में की गई यात्राएं लाभदायक रहेंगी। नौकरीपेशा लोगों को वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों का भरपूर सहयोग मिलेगा। आपके अधूरे कार्य पूरे होंगे और कार्यक्षेत्र में आपकी प्रशंसा भी होगी। किसी प्रभावशाली व्यक्ति की सहायता से महत्वपूर्ण कार्य पूरे होने की संभावना है।

व्यापारियों के लिए बाजार की परिस्थितियां अनुकूल रहेंगी, जिससे अच्छा लाभ मिलने के संकेत हैं। सप्ताह के उत्तरार्ध में परिवार के साथ धार्मिक यात्रा या किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिल सकता है। आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी।

स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और यदि पहले से किसी बीमारी से परेशान थे तो उसमें सुधार देखने को मिलेगा। प्रेम जीवन में मधुरता बढ़ेगी तथा जीवनसाथी या प्रिय व्यक्ति की ओर से कोई सरप्राइज मिल सकता है।

उपाय: प्रतिदिन लक्ष्मी-नारायण की पूजा करें और श्री विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।


मिथुन राशि Weekly Horoscope

Weekly Horoscope के अनुसार मिथुन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह नए अवसर लेकर आएगा। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को मनचाही सफलता मिलने की संभावना है। करियर और व्यापार में किसी मित्र या शुभचिंतक का सहयोग आपके लिए लाभदायक रहेगा।

सप्ताह की शुरुआत में काम के सिलसिले में यात्रा करनी पड़ सकती है। नौकरीपेशा लोगों को नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी होगी। आपकी मेहनत का पूरा फल मिलेगा और कार्यस्थल पर आपकी प्रतिभा की सराहना होगी। पद और प्रतिष्ठा में वृद्धि के भी संकेत हैं।

व्यापारियों के लिए सप्ताह का अंतिम भाग विशेष लाभ देने वाला रहेगा। किसी बड़ी डील के फाइनल होने से बाजार में आपकी साख मजबूत होगी। हालांकि परिवार से जुड़ी कुछ छोटी परेशानियां सामने आ सकती हैं। भाई-बहनों को लेकर चिंता बनी रह सकती है, लेकिन आपकी समझदारी सभी समस्याओं का समाधान निकाल देगी।

प्रेम संबंधों में जल्दबाजी से बचें और साथी की भावनाओं का सम्मान करें। धैर्य और विश्वास रिश्ते को मजबूत बनाएंगे।

उपाय: प्रतिदिन भगवान गणेश की पूजा करें तथा गणेश चालीसा का पाठ करें।


कर्क राशि Weekly Horoscope

इस सप्ताह कर्क राशि के जातकों के लिए समय काफी सकारात्मक रहने वाला है। पहले किए गए प्रयासों का अच्छा परिणाम मिलेगा और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। घर और कार्यस्थल दोनों जगह आपको सहयोग प्राप्त होगा।

नौकरी करने वाले लोगों के लक्ष्य समय से पहले पूरे हो सकते हैं, जिससे वरिष्ठ अधिकारी आपकी प्रशंसा करेंगे। व्यापारियों को भी कारोबार में अच्छा लाभ मिलने के संकेत हैं। लंबे समय से अटका धन वापस मिल सकता है और पुराने निवेश से भी फायदा होगा।

सरकारी या प्रशासनिक मामलों में सफलता मिलने की संभावना है। यदि आप राजनीति या समाज सेवा से जुड़े हैं तो सम्मान और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। परिवार में धार्मिक आयोजन या मांगलिक कार्यक्रम का माहौल बन सकता है। किसी प्रियजन से मुलाकात मन को प्रसन्न करेगी।

प्रेम और वैवाहिक जीवन दोनों में सुखद वातावरण बना रहेगा और रिश्तों में मजबूती आएगी।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करें।


सिंह राशि Weekly Horoscope

Weekly Horoscope के अनुसार सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह हर क्षेत्र में उन्नति लेकर आएगा। स्वास्थ्य, करियर, व्यापार और पारिवारिक जीवन सभी में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।

रोजगार और करियर से जुड़े नए अवसर मिल सकते हैं। नौकरीपेशा लोगों को वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों का पूरा सहयोग मिलेगा। आपके कार्यों की सराहना होगी तथा पदोन्नति या वेतन वृद्धि की संभावना भी प्रबल रहेगी। इससे आत्मविश्वास और मान-सम्मान दोनों बढ़ेंगे।

व्यापार करने वालों को विशेष लाभ मिलेगा। विदेश से जुड़े कार्यों में सफलता मिलने के योग हैं और विदेश यात्रा का अवसर भी प्राप्त हो सकता है। सप्ताह के अंतिम दिनों में कारोबार में तेजी आएगी, लेकिन निवेश करने से पहले विशेषज्ञों की सलाह अवश्य लें।

भूमि, भवन या वाहन का सुख प्राप्त हो सकता है। यदि किसी संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है तो उसके सुलझने की संभावना बनेगी। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी और जीवनसाथी के साथ संबंध और मजबूत होंगे।

उपाय: प्रतिदिन सूर्य देव की पूजा करें और सूर्याष्टक का पाठ करें।

कन्या राशि Weekly Horoscope

Weekly Horoscope 06-12 July 2026 के अनुसार कन्या राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह व्यस्तताओं से भरा रहेगा। छोटी-छोटी जिम्मेदारियों को पूरा करने में भी अपेक्षा से अधिक समय और मेहनत लग सकती है। लगातार भागदौड़ के कारण मानसिक और शारीरिक थकान महसूस हो सकती है।

सप्ताह की शुरुआत में कार्य के सिलसिले में यात्रा के योग बनेंगे, लेकिन यात्रा से उम्मीद के मुताबिक लाभ मिलने की संभावना कम रहेगी। ऐसे में निराश होने की बजाय धैर्य बनाए रखना आपके लिए बेहतर रहेगा। घर और कार्यस्थल पर समय पर सहयोग नहीं मिलने से मन कुछ उदास रह सकता है।

हालांकि सप्ताह के उत्तरार्ध में परिस्थितियां धीरे-धीरे आपके पक्ष में आती दिखाई देंगी। कारोबार में गति बढ़ेगी और लंबे समय से रुके हुए कार्य पूरे होने लगेंगे। आपके संपर्क और पुराने रिश्ते इस दौरान काफी मददगार साबित होंगे। यदि आप किसी नए काम की शुरुआत करना चाहते हैं तो सोच-समझकर कदम उठाएं।

रिश्तों के मामले में इस सप्ताह संयम सबसे बड़ी ताकत साबित होगा। अपनी बात मनवाने की बजाय दूसरों की भावनाओं को समझने का प्रयास करें। इससे पारिवारिक और सामाजिक संबंध पहले से अधिक मजबूत होंगे।

उपाय: प्रतिदिन तुलसी की सेवा करें और भगवान गणेश की पूजा के दौरान गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करें।


तुला राशि Weekly Horoscope

इस Weekly Horoscope के अनुसार तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह भाग्य का पूरा साथ लेकर आएगा। लंबे समय से अटके हुए कार्य पूरे होंगे और करियर के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे। आपकी मेहनत और सकारात्मक सोच आपको सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस सप्ताह आपकी वाणी और व्यवहार सबसे बड़ी पूंजी साबित होंगे। आप अपनी समझदारी और मधुर स्वभाव से लोगों का विश्वास जीतने में सफल रहेंगे। कार्यस्थल पर प्रभावशाली लोगों से संपर्क बढ़ेगा, जिसका लाभ भविष्य में भी मिलेगा। नौकरीपेशा लोगों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और वरिष्ठ अधिकारी उनके काम की सराहना करेंगे।

स्वास्थ्य के लिहाज से यह समय अनुकूल रहेगा। यदि किसी पुराने रोग से परेशान थे तो उसमें राहत मिलने की संभावना है। सप्ताह के उत्तरार्ध में परिवार के साथ घूमने-फिरने या पिकनिक का कार्यक्रम बन सकता है। घर का माहौल खुशहाल रहेगा और परिजनों के बीच सामंजस्य बढ़ेगा।

छात्रों को पढ़ाई में अच्छी सफलता मिलेगी। प्रेम संबंधों में विश्वास और नजदीकियां बढ़ेंगी, जिससे रिश्ता और अधिक मजबूत होगा। पिता का सहयोग और मार्गदर्शन भी इस सप्ताह आपके लिए लाभकारी रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन स्फटिक शिवलिंग की पूजा करें और श्रद्धापूर्वक रुद्राष्टक का पाठ करें।


वृश्चिक राशि Weekly Horoscope

Weekly Horoscope के अनुसार वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सामान्य से मिला-जुला रहने वाला है। इस दौरान दूसरों पर अधिक निर्भर रहने की बजाय अपने प्रयासों पर भरोसा करना आपके लिए बेहतर रहेगा। आत्मविश्वास और धैर्य से ही आप चुनौतियों पर विजय प्राप्त कर पाएंगे।

सप्ताह की शुरुआत में किसी करीबी व्यक्ति के साथ मतभेद होने की संभावना है, जिससे मन थोड़ा परेशान रह सकता है। नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थल पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि आपकी मेहनत और अनुभव आपको परिस्थितियों से बाहर निकालने में सफल रहेंगे।

व्यापारियों के लिए सप्ताह सामान्य रहेगा। बाजार की स्थिति पूरी तरह अनुकूल नहीं होगी, लेकिन सूझबूझ के साथ लिए गए फैसले लाभ दिला सकते हैं। साझेदारी में कारोबार करने वाले लोगों को धन के लेनदेन और कागजी कार्यों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

आर्थिक मामलों में खर्च आय से अधिक रह सकते हैं, इसलिए बजट बनाकर चलना उचित रहेगा। छात्रों को पढ़ाई में अधिक एकाग्रता की आवश्यकता होगी। प्रेम संबंधों में जल्दबाजी या गुस्से से बचें, क्योंकि धैर्य और संवाद ही रिश्तों को मजबूत बनाए रखेंगे।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें और बजरंग बाण का पाठ करें।


धनु राशि Weekly Horoscope

इस Weekly Horoscope के अनुसार धनु राशि के लोगों के लिए यह सप्ताह जिम्मेदारियों से भरा रहेगा। अचानक बढ़े कार्यभार के कारण आपको पहले से अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है। लगातार काम का दबाव मानसिक और शारीरिक थकान का कारण बन सकता है, इसलिए अपनी दिनचर्या को संतुलित रखना आवश्यक होगा।

सप्ताह के शुरुआती दिनों में स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतें। मौसम से जुड़ी बीमारियां या पुरानी समस्या दोबारा परेशान कर सकती है। साथ ही रिश्तों में भी छोटी-छोटी बातों को लेकर तनाव की स्थिति बन सकती है।

नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थल पर विरोधियों से सतर्क रहने की जरूरत होगी। कुछ लोग आपके कार्यों में बाधा डालने का प्रयास कर सकते हैं। इसलिए किसी भी निर्णय को जल्दबाजी में लेने से बचें। कामकाजी महिलाओं के लिए घर और ऑफिस के बीच संतुलन बनाना थोड़ा चुनौतीपूर्ण रहेगा।

संतान से जुड़ी कोई चिंता मन को व्याकुल कर सकती है। पारिवारिक रिश्तों में मधुरता बनाए रखने के लिए अहंकार और अनावश्यक विवादों से दूर रहें। प्रेम संबंधों में भी धैर्य और विनम्र व्यवहार आपके लिए लाभदायक रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन केसर का तिलक लगाएं और पूजा के समय श्रद्धा के साथ नारायण कवच का पाठ करें।

मकर राशि Weekly Horoscope

Weekly Horoscope 06-12 July 2026 के अनुसार मकर राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह राहत और प्रगति लेकर आने वाला है। यदि लंबे समय से कोई समस्या आपको परेशान कर रही थी तो इस दौरान उसका समाधान मिलने की प्रबल संभावना है। किसी अनुभवी या प्रभावशाली व्यक्ति का सहयोग आपके लिए लाभदायक साबित होगा।

नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों का पूरा सहयोग मिलेगा। पदोन्नति, वेतन वृद्धि या नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना बनी रहेगी। यदि आप नई नौकरी की तलाश में हैं तो इस सप्ताह कोई अच्छा अवसर आपके सामने आ सकता है। बेरोजगार लोगों को भी मनचाही सफलता मिलने के संकेत हैं।

व्यापार से जुड़े लोगों के लिए समय लाभदायक रहेगा। काम के सिलसिले में की गई यात्रा सफल होगी और आर्थिक लाभ के नए रास्ते खुलेंगे। किसी साझेदारी वाले व्यवसाय की शुरुआत करने का विचार भी सफल हो सकता है। बाजार में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी और किसी बड़ी डील के पूरे होने की संभावना है।

यदि कोई कानूनी मामला चल रहा है तो उसमें सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। प्रेम संबंधों में विश्वास बढ़ेगा और वैवाहिक जीवन में खुशियों का माहौल बना रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा करें और श्रद्धापूर्वक शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।


कुंभ राशि Weekly Horoscope

इस Weekly Horoscope के अनुसार कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित परिणाम देने वाला रहेगा। करियर और व्यापार में कुछ चुनौतियां सामने आ सकती हैं, लेकिन आपकी समझदारी और धैर्य आपको हर कठिन परिस्थिति से बाहर निकालने में मदद करेंगे।

नौकरीपेशा लोगों को सलाह दी जाती है कि वे दूसरों की बातों में आने के बजाय अपने कार्यों पर पूरा ध्यान दें। कार्यस्थल पर नकारात्मक माहौल से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखना सफलता दिलाएगा।

व्यापारियों को इस सप्ताह प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। बाजार में फंसा हुआ धन मिलने में देरी हो सकती है, इसलिए आर्थिक मामलों में धैर्य रखना आवश्यक होगा। कागजी कार्यों को समय पर पूरा करें, क्योंकि छोटी-सी लापरवाही भी परेशानी का कारण बन सकती है।

इस दौरान मित्रों और शुभचिंतकों का पूरा सहयोग मिलेगा। कोई करीबी व्यक्ति मुश्किल समय में आपके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। पारिवारिक जीवन में छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज करना ही बेहतर रहेगा, क्योंकि अनावश्यक विवाद मानसिक तनाव बढ़ा सकते हैं।

उपाय: प्रतिदिन हनुमान जी की पूजा करें और श्रद्धापूर्वक हनुमान चालीसा का सात बार पाठ करें।


मीन राशि Weekly Horoscope

Weekly Horoscope के अनुसार मीन राशि के जातकों को इस सप्ताह हर कदम सोच-समझकर उठाने की आवश्यकता होगी। किसी भी काम में जल्दबाजी या शॉर्टकट अपनाना नुकसानदायक साबित हो सकता है। आर्थिक हानि, प्रतिष्ठा में कमी या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से बचने के लिए धैर्य और सावधानी बेहद जरूरी होगी।

यदि आप पहले से किसी निजी या पारिवारिक समस्या से परेशान हैं तो उसका असर इस सप्ताह भी आपके मन पर बना रह सकता है। हालांकि मित्रों और शुभचिंतकों का सहयोग आपको सही दिशा देगा। किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय से पहले परिवार के वरिष्ठ सदस्यों या अनुभवी लोगों की सलाह अवश्य लें।

नौकरीपेशा लोगों के लिए कार्यस्थल पर बदलाव के संकेत हैं। अचानक ट्रांसफर, नई जिम्मेदारी या विभाग परिवर्तन जैसी परिस्थितियां सामने आ सकती हैं। वरिष्ठ अधिकारियों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण कुछ निराशा महसूस हो सकती है, लेकिन भावनाओं में बहकर कोई बड़ा निर्णय लेने से बचना चाहिए।

रिश्तों के लिहाज से यह सप्ताह थोड़ा संवेदनशील रहेगा। परिवार और जीवनसाथी के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए आपको धैर्य और समझदारी से काम लेना होगा। प्रेम संबंधों में गलतफहमियां पैदा हो सकती हैं, इसलिए खुलकर संवाद करना और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना आवश्यक रहेगा।

उपाय: प्रतिदिन सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करें तथा आदित्य हृदय स्तोत्र का तीन बार श्रद्धापूर्वक पाठ करें।


महासमुंद में बाढ़ के बीच फंसे 14 मजदूरों का सफल रेस्क्यू, नगर सेना की टीम ने सुरक्षित निकाला | VIDEO

महासमुंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच खल्लारी क्षेत्र के जोगीदीपा गांव में पुलिया निर्माण कार्य के दौरान 14 मजदूर बाढ़ के पानी में फंस गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, जोगीदीपा में पुलिया निर्माण कार्य में 10 पुरुष और 4 महिला मजदूर कार्यरत थे। लगातार बारिश के कारण अचानक नदी-नाले का जलस्तर बढ़ गया, जिससे सभी मजदूर चारों ओर से पानी से घिर गए और बाहर निकलना मुश्किल हो गया।

घटना की सूचना जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष को दी गई। इसके बाद नगर सेना की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने सभी 14 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

देखें वीडियो…

मौसम अलर्ट: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी, IMD ने भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी

रायपुर, 5 जुलाई 2026। मौसम अलर्ट: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार के लिए छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में मौसम को लेकर अलग-अलग स्तर की चेतावनी जारी की है। जिला-स्तरीय चेतावनी मानचित्र के अनुसार राज्य के मध्य हिस्से में रेड अलर्ट, आसपास के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि उत्तर और दक्षिण के कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

🔴 रेड अलर्ट वाले जिले

मौसम अलर्ट: मौसम विभाग ने निम्न जिलों में अति भारी वर्षा और गंभीर मौसम की आशंका जताई है—

  • रायपुर
  • दुर्ग
  • बालोद
  • धमतरी
  • गरियाबंद
  • महासमुंद
  • बलौदाबाजार-भाटापारा
  • बेमेतरा
  • कबीरधाम
  • राजनांदगांव

इन जिलों में जलभराव, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।

🟠 ऑरेंज अलर्ट वाले जिले

मौसम अलर्ट: इन जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है—

  • बिलासपुर
  • मुंगेली
  • जांजगीर-चांपा
  • कोरबा
  • रायगढ़
  • सक्ती
  • सारंगढ़-बिलाईगढ़
  • मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी
  • कांकेर
  • बस्तर
  • नारायणपुर
  • कोंडागांव
  • दंतेवाड़ा
  • बीजापुर

🟡 येलो अलर्ट वाले जिले

मौसम अलर्ट: इन जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है—

  • सरगुजा
  • सूरजपुर
  • बलरामपुर
  • जशपुर
  • कोरिया
  • मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी)
  • गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम)
  • सुकमा

मौसम विभाग की सलाह

  • मौसम अलर्ट: भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
  • नदी, नाले और पुल-पुलियों को पार करने का प्रयास न करें।
  • आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों।
  • किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग मौसम अपडेट पर लगातार नजर रखें।
  • जिला प्रशासन और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करें।

मौसम अलर्ट: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

पद्म विभूषण पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई का निधन, रायपुर AIIMS में ली अंतिम सांस

रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने वाली सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई का शनिवार तड़के निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थीं और रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में उपचाराधीन थीं। AIIMS के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) ने उनके निधन की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, डॉ. तीजन बाई पिछले कई सप्ताह से अस्पताल में भर्ती थीं। शनिवार तड़के करीब 3:15 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के कला और सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

संघर्ष से शिखर तक का प्रेरणादायी सफर

वर्ष 1956 में दुर्ग जिले के गनियारी गांव में जन्मी डॉ. तीजन बाई का जीवन संघर्ष, साहस और समर्पण की मिसाल रहा। उन्होंने महाभारत की पारंपरिक लोकगायन शैली पंडवानी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और उसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर स्थापित किया।

उन्होंने उस समय कापालिक शैली में पंडवानी गायन शुरू किया, जब इस शैली पर मुख्य रूप से पुरुष कलाकारों का वर्चस्व माना जाता था। सामाजिक विरोध और कई कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने अपने अद्भुत गायन, प्रभावशाली अभिनय और हाथ में तंबूरा लेकर प्रस्तुत की जाने वाली अनूठी शैली से देश-विदेश के दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

दुनिया भर में बिखेरी छत्तीसगढ़ की लोक कला की पहचान

पांच दशक से अधिक लंबे अपने कलात्मक जीवन में डॉ. तीजन बाई ने भारत के अलावा एशिया, यूरोप और दुनिया के अनेक देशों में पंडवानी की प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाई। उनकी प्रस्तुतियों ने भारतीय लोक कला को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई प्रतिष्ठा दिलाई।

कई प्रतिष्ठित सम्मानों से हुई थीं सम्मानित

लोक कला के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें कई सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया। उन्हें पद्म श्री (1988), पद्म भूषण (2003), पद्म विभूषण (2019) तथा संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार सहित अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए।

कला जगत ने खोया अमूल्य रत्न

डॉ. तीजन बाई का निधन भारतीय लोक संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उन्होंने अपनी कला, संघर्ष और समर्पण से आने वाली पीढ़ियों के लिए एक ऐसी विरासत छोड़ी है, जो सदैव प्रेरणा देती रहेगी। उनके निधन पर कला, साहित्य, संस्कृति और राजनीतिक जगत की अनेक हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

मौसम अलर्ट: महासमुंद, बस्तर और नारायणपुर में आज भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में येलो और ऑरेंज चेतावनी जारी

रायपुर, 5 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार (5 जुलाई) के लिए राज्य के कई जिलों में बारिश को लेकर येलो (Watch) और ऑरेंज (Alert) चेतावनी जारी की है। IMD के जिला-स्तरीय चेतावनी मानचित्र के अनुसार महासमुंद, बस्तर और नारायणपुर में भारी बारिश (Orange Alert) की संभावना जताई गई है, जबकि राज्य के अधिकांश अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार निम्न जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है—

  • महासमुंद
  • बस्तर
  • नारायणपुर

इन क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण जलभराव, छोटे नालों और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने तथा यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट

राज्य के मध्य, दक्षिण और पश्चिमी हिस्सों के कई जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट (Watch) जारी किया गया है। इन जिलों में स्थानीय स्तर पर तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की स्थिति बन सकती है।

उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में राहत

IMD के मानचित्र के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों को ग्रीन (No Warning) श्रेणी में रखा गया है। इन इलाकों में फिलहाल किसी विशेष मौसम चेतावनी की आवश्यकता नहीं बताई गई है।

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

  • भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
  • नदी, नाले और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न लें।
  • आकाशीय बिजली के समय खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े न हों।
  • किसानों को खेतों में कार्य करते समय मौसम की जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है।
  • स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी ताज़ा अपडेट का पालन करें।