बचाने की कोशिश में पत्नी भी गहरे पानी में समाई, रिश्तेदार ने भी उतरकर बचाने का किया प्रयास; ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला
बलरामपुर/कुसमी। एक-दूसरे का साथ निभाने की कसमें खाने वाले पति-पत्नी की जिंदगी का आखिरी सफर भी साथ ही खत्म हुआ। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे में पति को तालाब में डूबता देख पत्नी ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। दोनों पानी की गहराई में समा गए और उनकी मौत हो गई।
हृदयविदारक घटना कुसमी थाना क्षेत्र के अमरपुर के बड़का जोभी की है। मृतकों की पहचान मुनेश्वर नाग और उनकी पत्नी घुघरी नाग के रूप में हुई है।

पति को डूबता देख पत्नी ने भी लगा दी छलांग
बताया गया कि मुनेश्वर नाग वन विभाग के तालाब के पास थे। इसी दौरान अचानक वह तालाब में गिर गए और पानी में डूबने लगे। पति को मुश्किल में देख पत्नी घुघरी नाग खुद को रोक नहीं सकीं। उन्होंने पति को बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी।
घुघरी ने पति को बचाने और खुद बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई और परिस्थितियां उनके पक्ष में नहीं थीं। देखते ही देखते दोनों पानी में डूब गए।
रिश्तेदार भी बचाने पानी में उतरी
घटना के दौरान वहां मौजूद रिश्तेदार जसमती ने भी दोनों को बचाने के लिए तालाब में उतरने की कोशिश की। लेकिन वह भी पानी में फंस गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए जसमती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ग्रामीणों की कोशिश के बावजूद मुनेश्वर और घुघरी को नहीं बचाया जा सका। दोनों की मौत से गांव में मातम पसर गया।
ग्रामीणों की मदद से निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शवों को कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
शव वाहन नहीं मिलने पर निजी वाहन से अस्पताल ले गए शव
हादसे के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। बताया गया कि कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शव वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण मृतक दंपती के परिजनों को निजी वाहन से शव अस्पताल ले जाना पड़ा।
एक ओर परिवार अपने दो सदस्यों को हमेशा के लिए खोने के गम में डूबा था, वहीं दूसरी ओर शव को अस्पताल तक ले जाने के लिए भी परिजनों को व्यवस्था करनी पड़ी।

मर्ग कायम, जांच में जुटी पुलिस
कुसमी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसा तालाब में डूबने के कारण हुआ है।
इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। पति को बचाने के लिए पत्नी का पानी में उतरना और फिर दोनों का एक साथ दुनिया से चले जाना परिवार के लिए ऐसा दुख है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। जिंदगी भर साथ निभाने वाला यह दंपती मौत में भी एक-दूसरे से अलग नहीं हुआ।

Recent Comments