बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित कार बिजली के खंभे से जा टकराई। भीषण हादसे में 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान शारदा पाटिल (21 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी और अपनी बुआ की शादी में शामिल होने के लिए घर आई थी।
बताया जा रहा है कि डौंडी नगर के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के सदस्यों के साथ चिपरा गांव में आयोजित चौथिया कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में हिंदू होटल के पास उनकी स्विफ्ट कार (क्रमांक CG 07 BM 1040) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई।
एक की मौत, पांच का इलाज जारी
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शारदा पाटिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
दल्लीराजहरा पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


Recent Comments