महासमुंद, 25 जून 2026। महासमुंद जिले की पटेवा पुलिस ने 17 जून को ग्राम तुरेंगा के खेत में मिले युवती के शव के मामले का खुलासा करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने ही युवती की हत्या की साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को ग्राम तुरेंगा के एक खेत में अज्ञात महिला का शव मिला था। शव के गले और शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए जाने के बाद थाना पटेवा में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सोशल मीडिया और सार्वजनिक इश्तहारों के माध्यम से पहचान का प्रयास किया गया, जिसके बाद मृतका की पहचान बागबाहरा निवासी रानी कुमारी सिंह के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रानी कुमारी सिंह ने अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था, जिससे उसके पिता उमेश सिंह, चाचा दिनेश सिंह और बड़े पिता राजेश सिंह नाराज थे। पुलिस के अनुसार तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और रानी को अपने साथ ले जाकर सुनसान खेत में उसकी निर्मम हत्या कर दी।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम गुजरात के सूरत पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से मुख्य आरोपी उमेश सिंह (50 वर्ष) को थाना पुना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना के समय पहने गए कपड़े, मोबाइल फोन तथा हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बरामद सामग्री
- घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े
- आरोपी का मोबाइल फोन
- वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
गिरफ्तार आरोपी
उमेश सिंह (50 वर्ष), निवासी ग्राम कजरुखुर्द, थाना पांडु, जिला पलामू (झारखंड), वर्तमान पता सीताराम थ्री, आई माता रोड, अर्चना स्कूल के पास, थाना पुना, जिला सूरत (गुजरात)।
पटेवा पुलिस की इस कार्रवाई से एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझ गई है और हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है।


Recent Comments