रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार रात विराट कोहली का बल्ला जमकर गरजा। उनके नाबाद 105 रनों की विस्फोटक पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 6 विकेट से हराकर आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया। इस जीत के साथ आरसीबी के 12 मैचों में 16 अंक हो गए हैं।
बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मुकाबला देरी से शुरू हुआ, लेकिन विराट कोहली के इरादों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। पिछले दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद कोहली ने जोरदार वापसी करते हुए सिर्फ 60 गेंदों में 11 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 105 रन ठोक दिए। इस दौरान उन्होंने टी20 क्रिकेट में 14 हजार रन पूरे कर इतिहास रच दिया। ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। साथ ही उन्होंने आईपीएल में 2023 के बाद अपना पहला शतक भी जड़ा।
193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी हुई। पडिक्कल ने 27 गेंदों में 37 रन बनाए। केकेआर की खराब फील्डिंग भी उस पर भारी पड़ी। कोहली जब 21 रन पर थे, तब रोवमैन पॉवेल ने उनका आसान कैच छोड़ दिया, जिसका खामियाजा टीम को हार के रूप में भुगतना पड़ा। आरसीबी ने लक्ष्य 5 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरुआत धीमी रही। शुरुआती झटकों के बाद युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने 46 गेंदों में 71 रन बनाकर पारी संभाली। उन्होंने कैमरन ग्रीन के साथ 68 रन और रिंकू सिंह के साथ 76 रनों की साझेदारी की। रिंकू सिंह ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 49 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। केकेआर ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 192 रन बनाए थे।
आरसीबी की ओर से कार्तिक त्यागी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 32 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने शुरुआती ओवरों में दबाव बनाया।
इस जीत के साथ आरसीबी प्लेऑफ की दहलीज पर पहुंच गई है, जबकि केकेआर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 11 मैचों में सिर्फ 9 अंकों के साथ टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर बनी हुई है।
यूरिया वितरण में गड़बड़ी: सरायपाली और बागबाहरा के 4 उर्वरक विक्रेताओं पर कार्रवाई



Recent Comments