Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का संकट गहराया: रायपुर समेत कई जिलों में पंप...

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का संकट गहराया: रायपुर समेत कई जिलों में पंप बंद, ‘नो पेट्रोल-नो डीजल’ के बोर्ड से लोग परेशान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का संकट लगातार गहराता जा रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में ईंधन की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। सप्लाई प्रभावित होने के कारण कई पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद हो चुके हैं, जबकि जहां ईंधन उपलब्ध है वहां वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। कई पंप संचालक सीमित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल दे रहे हैं, जिससे आम लोगों के साथ-साथ ट्रांसपोर्टर, सरकारी विभाग और निजी संस्थान भी प्रभावित हो रहे हैं।

बिलासपुर में 13 पेट्रोल पंप ड्राई

बिलासपुर जिले में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। जिले के 13 पेट्रोल पंपों में ईंधन पूरी तरह खत्म हो चुका है। कई पंपों पर “नो पेट्रोल” और “नो डीजल” के बोर्ड लगा दिए गए हैं। बाकी बचे पंपों में सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग घंटों लाइन में खड़े होकर ईंधन भरवाने को मजबूर हैं।

दंतेवाड़ा में डीजल संकट से ट्रांसपोर्ट प्रभावित

दंतेवाड़ा जिले में डीजल संकट गहरा गया है। अधिकांश पेट्रोल पंपों में डीजल खत्म हो चुका है, जिससे मालवाहक वाहन खड़े होने लगे हैं। ट्रांसपोर्टर परेशान हैं और सप्लाई चेन प्रभावित होने लगी है। यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

महासमुंद में सिर्फ मचेवा पंप में मिल रहा ईंधन

महासमुंद जिले में भी हालात चिंताजनक हैं। शहर और आसपास संचालित 8 पेट्रोल पंपों में से अधिकांश का स्टॉक खत्म हो चुका है। केवल मचेवा स्थित शंकरा फ्यूल्स में सीमित मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है, जहां वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।

शहर के पुष्पा फ्यूल्स और चाणक्य पेट्रोल पंप पहले ही बंद हो चुके हैं, जबकि पुलिस वेलफेयर, उत्तम फ्यूल्स, संगीता फ्यूल्स और ओजस फ्यूल्स का स्टॉक भी समाप्त हो गया है। सीमित स्टॉक के चलते पंप संचालक बाइक चालकों को 2 लीटर और कार चालकों को 5 लीटर तक ही पेट्रोल दे रहे हैं।

लोगों में बढ़ी चिंता

लगातार बढ़ते ईंधन संकट से लोगों में चिंता बढ़ गई है। रोजमर्रा के कामकाज, परिवहन और आवश्यक सेवाओं पर इसका असर साफ दिखाई देने लगा है। लोग जल्द से जल्द सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments