महासमुंद (छत्तीसगढ़)। पिथौरा में अवैध महुआ शराब बनाने से रोकना पड़ा महंगा जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत ठाकुरदिया खुर्द में अवैध शराब बिक्री का विरोध करना सरपंच को महंगा पड़ गया। वार्ड क्रमांक 04 गांधी चौक के निवासी एवं ग्राम पंचायत ठाकुरदिया खुर्द के सरपंच मनोज सिन्हा के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच सरपंच मनोज सिन्हा टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्होंने गांव के चैतराम साहू को अपने घर के आंगन में अवैध रूप से देशी महुआ शराब बेचते हुए देखा। सरपंच द्वारा उसे ऐसा करने से मना करने पर आरोपी भड़क गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
“झकझोर देने वाली कहानी: सिस्टम से हताश ओडिशा का शख्स बहन का शव लेकर बैंक पहुंचा”
आरोप है कि चैतराम साहू ने बांस के डंडे से सरपंच पर हमला कर दिया, जिससे उनके पीठ, कंधे और बाएं हाथ में चोट आई। घटना के दौरान तिलक पटेल, अमित कोटवार, लालचंद पटेल और राकेश ने बीच-बचाव किया।
पीड़ित सरपंच की लिखित शिकायत पर पिथौरा थाना पुलिस ने आरोपी चैतराम साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।



