Homeछत्तीसगढ़पूर्व विस अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, 8...

पूर्व विस अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, 8 घंटे में रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक Dharamlal Kaushik से मोबाइल लूटकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है।

जानकारी के अनुसार, धरमलाल कौशिक रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। सुबह करीब 7:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक बाइक सवार युवक उनका मोबाइल झपटकर फरार हो गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरोपी की तलाश के लिए क्राइम ब्रांच और स्थानीय थानों की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के संभावित रूट पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते वारदात के करीब 8 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का रहने वाला है। वर्तमान में वह रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित राजीव नगर में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी रैपिडो चलाने का काम भी करता है।

पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। रायपुर पुलिस ने कहा है कि राजधानी में होने वाले अपराधों पर तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी लगातार की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments