Homeछत्तीसगढ़VIDEO: दोस्तों से लगी शर्त तो बांगो डैम में कूद गया युवक,...

VIDEO: दोस्तों से लगी शर्त तो बांगो डैम में कूद गया युवक, 48 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग; NDRF का रेस्क्यू जारी

कटघोरा/कोरबा। कोरबा जिले के मिनीमाता बांगो बांध में दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 24 वर्षीय युवक रंजीत यादव के छलांग लगाने के बाद अब तक उसका पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि दोस्तों के बीच बांध के पानी में छलांग लगाकर आगे निकलने की शर्त लगी थी। इसी दौरान रंजीत ने पानी में छलांग लगा दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन रंजीत का कोई सुराग नहीं मिल सका। तेज बहाव और अंधेरा बढ़ने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।

इसके बाद सोमवार सुबह NDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने युवक की तलाश के लिए सघन अभियान शुरू किया। पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

बांध का जलस्तर 94 प्रतिशत तक पहुंचा

इधर, लगातार बारिश के कारण मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। जलस्तर करीब 94 प्रतिशत तक पहुंचने के बाद बांध के गेट खोले गए हैं। अब तक कुल 9 गेट खोले जाने की जानकारी है। बांध से टरबाइन सहित करीब 41,080 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है।

बांध से पानी छोड़े जाने के कारण आसपास के नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ गया है। प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों को नदी और जलाशय के आसपास नहीं जाने की चेतावनी दी है।

सीतामढ़ी में घरों में घुसा पानी

बढ़ते जलस्तर का असर कोरबा के सीतामढ़ी क्षेत्र में भी दिखाई दे रहा है। हरदेव नदी के किनारे बसे करीब 10 घरों में पानी घुसने की जानकारी सामने आई है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है। प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

फिलहाल NDRF की टीम बांगो डैम में लापता युवक रंजीत यादव की तलाश में जुटी हुई है। परिवार और स्थानीय लोग उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

यहां देखें वीडियो

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments