दुर्ग। शहर के एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार सुबह करीब 8 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला ने आरक्षक ललितेश यादव के घर में घुसकर उसकी पत्नी और बच्चों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बेटी गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के अनुसार, हमले में आरक्षक की पत्नी रीना यादव और बेटे आदित्य यादव की जान चली गई। वहीं गंभीर रूप से घायल बेटी तानिया यादव को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना के दौरान दूसरी बेटी नैना यादव ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज का संबंध बीजापुर में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव से था। बीजापुर में पदस्थ आरक्षक और जांजगीर-चांपा निवासी महिला के बीच कथित तौर पर फेसबुक के जरिए जान-पहचान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। यह भी बताया जा रहा है कि दोनों ने कथित रूप से शादी कर ली थी।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी महिला एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी, लेकिन उस समय उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। इसके बावजूद वह अगली सुबह फिर घर पहुंची और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलोनी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और हमले के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।


Recent Comments