रायपुर/आरंग। छत्तीसगढ़ की जीवनदायिनी महानदी में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ रायपुर खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 हाइवा वाहनों को जब्त किया है। आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग स्थित ग्राम रानीसागर में देर रात की गई इस कार्रवाई से रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि खनिज विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि आरंग क्षेत्र से रात के समय बड़ी मात्रा में अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। इसके बाद रायपुर कलेक्टर के निर्देश पर उप संचालक खनिज राजेश मालवे के नेतृत्व में टीम ने विशेष अभियान चलाया। ग्राम रानीसागर के पास नाकेबंदी कर रेत से भरे वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान चालकों से रॉयल्टी रसीद, पीटपास और अन्य वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन किसी भी वाहन चालक के पास जरूरी कागजात नहीं मिले। इसके बाद विभाग ने अवैध रेत से भरे सभी 14 हाइवा वाहनों को जब्त कर लिया। सभी वाहनों को खरोरा थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। संबंधित वाहन मालिकों और कारोबारियों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
यहां पढ़ें: महासमुंद में बाल मजदूरी का वीडियो वायरल: तेंदूपत्ता पलटते दिखे मासूम बच्चे
15 दिनों से जारी है ‘ऑपरेशन क्लीन’
खनिज विभाग पिछले 15 दिनों से लगातार अवैध रेत कारोबार के खिलाफ अभियान चला रहा है। विभाग की टीम नदी के प्रतिबंधित क्षेत्रों में मशीनों की आवाजाही रोकने, मुख्य मार्गों और वैकल्पिक रास्तों पर अचानक जांच करने तथा अवैध रूप से जमा रेत की निगरानी करने जैसे कदम उठा रही है। प्रशासन का दावा है कि लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध खनन नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और माफियाओं की आर्थिक गतिविधियों पर असर पड़ा है।
महानदी का स्वरूप बिगड़ने से ग्रामीणों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध और बेतरतीब खनन के कारण महानदी की प्राकृतिक संरचना प्रभावित हो रही है। कई जगह नदी की गहराई बढ़ने और बहाव बदलने से आसपास के गांवों का भूजल स्तर भी गिरने लगा है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़कें खराब हो रही थीं और ग्रामीणों को धूल व प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे जरूरी कदम बताया है।
टीम ने रातभर संभाला मोर्चा
इस कार्रवाई को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया। अभियान में खनिज निरीक्षक प्रवीण नेताम, प्रीति सिन्हा, सुपरवाइजर सुनील दत्त शर्मा सहित विभागीय टीम के संतोष पवार, रूपेंद्र चंद्राकर, रिजवान खान, लीलेश्वर मानिकपुरी और राजू बर्मन शामिल रहे।
“अवैध कारोबारियों पर होगी सख्त कार्रवाई”
उप संचालक खनिज राजेश मालवे ने कहा कि कलेक्टर के निर्देश पर अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। महानदी के स्वरूप को नुकसान पहुंचाने और राजस्व की चोरी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



Recent Comments