सरायपाली। महासमुंद जिले की सरायपाली थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपने पिता की हत्या कर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को सूचक हरजीत चौहान की सूचना पर ग्राम रिसेकेला निवासी जयलाल सागर उर्फ जयलाल चौहान (48 वर्ष) की संदिग्ध मौत पर मर्ग कायम किया गया। शव के निरीक्षण के दौरान मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायपाली पुलिस तत्काल जांच में जुट गई। जांच के दौरान पता चला कि 17 मई की रात मृतक जयलाल चौहान और उसके पुत्र अजय सागर उर्फ अजय चौहान के बीच घरेलू विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बेटे ने अपने पिता के साथ मारपीट की और घर की बाड़ी से ईंट उठाकर उनके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से जयलाल चौहान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजन घायल अवस्था में जयलाल चौहान को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच में स्पष्ट हुआ कि सिर पर ईंट से किए गए हमले के कारण ही उनकी मौत हुई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 18 मई की रात करीब 8 बजे ग्राम बोदापाली में घेराबंदी कर आरोपी अजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
अजय चौहान, पिता जयलाल चौहान, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम रिसेकेला, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद (छत्तीसगढ़)।



Recent Comments