आरंग। आरंग के पास एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर सामने आया है। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-53 पर रेत से भरे अनियंत्रित हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा थाना क्षेत्र के ग्राम उमरिया के पास हुआ। दोनों युवक होंडा कंपनी की मोटरसाइकिल (CG 04 LH 2236) पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे रेत से भरे तेज रफ्तार हाइवा (CG 04 QW 9904) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हाइवा उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा के भारी पहियों के नीचे आने से युवकों के शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। सड़क पर खून और शरीर के अंग बिखर गए, जिससे शुरुआती तौर पर मृतकों की पहचान करना भी संभव नहीं हो सका। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेत परिवहन करने वाले हाइवा वाहन चालक अधिक चक्कर लगाने की होड़ में तेज रफ्तार से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की रफ्तार पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।






