सरायपाली–बसना: पंडित होटल, मंजीत ढाबा समेत दर्जनों होटल-ढाबों में खाद्य विभाग की दबिश, 57 गैस सिलेंडर जब्त

महासमुंद, 16 सितम्बर 2025। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने सरायपाली और बसना क्षेत्र के होटलों व ढाबों पर दबिश दी। इस दौरान कुल 57 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

जांच टीम की कार्रवाई

खाद्य विभाग की जांच 08 सितम्बर को सरायपाली और 12 सितम्बर को बसना क्षेत्र में की गई। जांच दल में सहायक खाद्य अधिकारी सरायपाली हरीश सोनेश्वरी, खाद्य निरीक्षक सरायपाली अविनाश दुबे, खाद्य निरीक्षक बसना हेमंत वर्मा, खाद्य निरीक्षक पिथौरा दिव्यांशु देवांगन एवं खाद्य निरीक्षक बागबाहरा विवेक कुमार शामिल रहे।

सरायपाली में जब्ती

  • पंडित होटल, झिलमिला – 08 सिलेंडर (2 खाली, 3 आंशिक भरे, 3 सील पैक)

  • मंजीत ढाबा – 12 सिलेंडर (5 खाली, 4 आंशिक भरे, 3 सील पैक)

  • अमृत होटल – 07 सिलेंडर (2 खाली, 3 आंशिक भरे, 2 सील पैक)

  • शिवानी स्वीट्स – 07 सिलेंडर (5 खाली, 1 आंशिक भरा, 1 सील पैक)

पूर्व सीएम के सुपुत्र चैतन्य बघेल पर गंभीर आरोप, 16.70 करोड़ रुपये रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में लगाने का दावा – हाईकोर्ट में चली बहस, अगली सुनवाई 19 सितम्बर को

बसना क्षेत्र में जब्ती

  • बिकानेरी स्वीट्स – 05 सिलेंडर (3 खाली, 2 सील पैक)

  • सत्कार फैमिली रेस्टोरेंट – 04 सिलेंडर (3 आंशिक भरे, 1 सील पैक)

  • साहू होटल, परसकेल – 05 सिलेंडर (3 खाली, 2 आंशिक भरे)

  • यादव होटल, गढ़फुझर – 05 सिलेंडर (4 खाली, 1 भरा)

  • लक्ष्मी गौरी, भठोरी – 04 सिलेंडर (2 खाली, 1 आंशिक भरा, 1 सील पैक)

नियमों का उल्लंघन

जांच में पाया गया कि होटल एवं ढाबा संचालकों द्वारा द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियम) आदेश, 2000 का उल्लंघन किया गया है। जब्त सिलेंडरों का प्रकरण कलेक्टर न्यायालय महासमुंद में प्रस्तुत किया जाएगा।

विभाग की चेतावनी

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। विभाग ने कहा है कि भविष्य में भी इस तरह की नियमित जांच जारी रहेगी और घरेलू सिलेंडरों का दुरुपयोग करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पूर्व सीएम के सुपुत्र चैतन्य बघेल पर गंभीर आरोप, 16.70 करोड़ रुपये रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में लगाने का दावा – हाईकोर्ट में चली बहस, अगली सुनवाई 19 सितम्बर को

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी को लेकर दायर याचिका पर सोमवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। हालांकि, लंबी बहस के बाद भी मामले की सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। अब इस याचिका पर अगली सुनवाई 19 सितंबर को होगी।

चैतन्य ने गिरफ्तारी को बताया राजनीति से प्रेरित

चैतन्य बघेल ने अपनी गिरफ्तारी को अवैधानिक और राजनीति से प्रेरित बताते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनका कहना है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बिना किसी ठोस आधार और बिना उचित प्रक्रिया का पालन किए उन्हें हिरासत में लिया है। उन्होंने कोर्ट में दलील दी कि यह कार्रवाई विपक्ष को दबाने और राजनीतिक बदले की भावना से की गई है।

ईडी का दावा – सबूतों के आधार पर हुई गिरफ्तारी

वहीं, ईडी ने हाईकोर्ट में पेश अपने जवाब में कहा कि चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी ठोस सबूतों के आधार पर की गई है। एजेंसी ने दावा किया कि उनके पास ऐसे दस्तावेज और गवाहों के बयान मौजूद हैं, जो यह साबित करते हैं कि चैतन्य बघेल का सीधा संबंध शराब घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग से है।

16.70 करोड़ रुपये रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में निवेश

ईडी की ओर से कोर्ट को बताया गया कि जांच के दौरान सामने आए बैंक लेन-देन, जब्त की गई फाइलें और गवाहों के बयान यह दर्शाते हैं कि चैतन्य बघेल ने वसूली से हासिल 16 करोड़ 70 लाख रुपये को अपने रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में लगाया। एजेंसी का कहना है कि यह रकम कथित रूप से अवैध कमाई से जुड़ी हुई है।

राजनीतिक गलियारों में हलचल

इस मामले के सामने आने के बाद से ही छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष जहां इस मुद्दे को लेकर पूर्व सीएम के परिवार पर हमलावर है, वहीं कांग्रेस इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बता रही है।

अगली सुनवाई 19 सितम्बर को

हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मामले की अगली सुनवाई 19 सितंबर को तय की है। अब देखना होगा कि अदालत ईडी की दलीलों और चैतन्य बघेल के बचाव में दिए गए तर्कों को किस तरह से परखती है।

महासमुंद की दिव्या ने बढ़ाया जिले का मान: भारतीय अंडर-16 महिला बास्केटबॉल टीम एशिया कप सेमीफाइनल में

महासमुंद। मलेशिया में 13 से 19 सितम्बर 2025 तक आयोजित अंडर-16 वूमेंस एशिया कप में भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इस टीम में छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की खिलाड़ी दिव्या रंगारी (पिता विनोद रंगारी) ने भी भाग लिया है, जिससे जिले का गौरव और बढ़ गया है।

भारतीय टीम ने लगातार तीन मैच जीतकर इतिहास रचा—

  • पहले मैच में ईरान को 70-67 अंकों से हराया।

  • दूसरे मैच में उज्बेकिस्तान को 81-69 से पराजित किया।

  • तीसरे मैच में समोआ को 71-54 अंकों से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

भारतीय टीम अब 18 सितम्बर को सेमीफाइनल खेलेगी।

इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ प्रदेश बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारियों, सांसद, विधायक, कलेक्टर सहित जिले के कई जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने बधाई दी। दिव्या के परिवार और महासमुंद जिला बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारी भी गर्व महसूस कर रहे हैं

छत्तीसगढ़: जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े – देखें वीडियो

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां के करही गांव में जहरीली शराब पीने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सूरज यादव और मनोज कश्यप के रूप में हुई है।

दोनों युवकों ने गांव के ही कोचिया भोला टंडन से अंग्रेजी शराब खरीदी थी। शराब पीने के बाद वे अचानक बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तुरंत सारंगढ़ के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शराब में जहर मिलाया गया था।

सक्ती में जहरीली शराब कांड!2 युवकों की मौत से मचा बवाल 🚨
Chhattisgarh: Two people died after consuming poisonous liquor

ग्रामीणों का आक्रोश, किया चक्काजाम

शराब से हुई मौतों के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीण कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए और बिर्रा चौक में चक्काजाम कर दिया। आक्रोशित लोग सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देने की कोशिश की।


जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद अवैध शराब बिक्री करने के आरोप कोचिया भोला टंडन पर लगे हैं। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
फिलहाल बिर्रा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


▶️ यहां देखें वीडियो

()

16 साल बाद लौटा शख्स, घरवालों ने कर दिया था श्राद्ध, बेटे को देख भावुक हुए पिता

मोतिहारी (बिहार): कहते हैं “जाको राखे साइयां, मार सके ना कोय” – यह कहावत मोतिहारी जिले के सुगौली प्रखंड के मेहवा गांव में बिल्कुल सही साबित हुई। गांव के नगीना सहनी वर्ष 2009 में गंगासागर तीर्थयात्रा पर गए थे, लेकिन उसी दौरान वे लापता हो गए। लंबे इंतजार और तलाश के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने मान लिया कि वे अब इस दुनिया में नहीं रहे। स्थिति यह हो गई कि घरवालों ने उनका अंतिम संस्कार और श्राद्धकर्म तक कर दिया।

सोशल मीडिया ने दिलाया जीवन का सबसे बड़ा तोहफा

सालों बाद अचानक कहानी में नया मोड़ आया। हाल ही में नगीना सहनी के बेटे रुदल सहनी को सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला। यह वीडियो गुजरात के एक वृद्धाश्रम का था, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति नजर आ रहा था। वीडियो देखते ही रुदल की आंखें नम हो गईं क्योंकि वह चेहरा हूबहू उनके पिता से मिलता-जुलता था। आगे पड़ताल करने पर यह सच साबित हुआ कि वह व्यक्ति वास्तव में उनके पिता ही हैं।

रामलला दर्शन कर लौट रहे छत्तीसगढ़ के 4 श्रद्धालुओं की मौत, श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रेलर से भिड़ी

भावुक कर देने वाला पल

आर्थिक तंगी के बावजूद रुदल अपने पिता को लेने गुजरात पहुंचे। जब वृद्धाश्रम में बेटे और पिता की मुलाकात हुई तो दोनों भावुक होकर रो पड़े। वहां मौजूद लोग भी इस नजारे को देखकर भाव-विभोर हो गए।

गांव में खुशी का माहौल

नगीना सहनी के जीवित लौटने की खबर मिलते ही गांव में जश्न का माहौल बन गया। ग्रामीण इसे ईश्वर की अद्भुत कृपा और सोशल मीडिया की ताकत बता रहे हैं। जिस व्यक्ति के लिए 16 साल पहले गांववालों ने कंधा दिया था, आज उसे वापस जिंदा देखकर हर कोई हैरान है।

बेटे की खुशी

बेटे रुदल का कहना है, “हम सोच भी नहीं सकते थे कि हमें फिर से पिताजी का आशीर्वाद मिलेगा। भगवान ने हमें उनकी छांव फिर से दी है।” परिवार और ग्रामीण लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं और इस अनोखी घटना को चमत्कार मान रहे हैं।

🌟 आज का राशिफल: 16 सितंबर 2025 | जानें कैसा रहेगा आपका दिन

नमस्कार मित्रों! स्वागत है आपका दैनिक राशिफल में। आज का दिन सभी 12 राशियों के लिए खास रहने वाला है।
कहीं मिलने वाला है रुका हुआ धन, तो कहीं होगी जिम्मेदारियों की परीक्षा। किसी को मिलेगा प्रेम और सम्मान, तो किसी को करना होगा धैर्य का परिचय। आइए जानते हैं — आज आपकी राशि के लिए ग्रह-नक्षत्र क्या संदेश दे रहे हैं।

♈ मेष राशि (Aries)

👉 आज लंबे समय से रुके काम पूरे होंगे। खुशी रहेगी, लेकिन गुस्से से बचें। घर की मरम्मत या सजावट पर खर्च होगा।
शुभ अंक: 9
शुभ रंग: लाल


♉ वृषभ राशि (Taurus)

👉 आज आप शौक की चीजें खरीदेंगे। मित्र खुशखबरी देंगे। प्रिय वस्तु मिलने की संभावना। कार्यक्षेत्र में सम्मान मिलेगा।
शुभ अंक: 6
शुभ रंग: हरा


♊ मिथुन राशि (Gemini)

👉 निर्णय क्षमता बेहतर रहेगी। आय के स्रोत बढ़ेंगे। विरोधियों को मात देंगे। पुराना रोग परेशान कर सकता है।
शुभ अंक: 5
शुभ रंग: पीला


♋ कर्क राशि (Cancer)

👉 सेहत का ध्यान रखें। व्यापार में आधुनिक चीजों से लाभ होगा। संतान की संगति पर ध्यान दें। धार्मिक यात्रा संभव।
शुभ अंक: 2
शुभ रंग: सफेद


♌ सिंह राशि (Leo)

👉 खर्च बढ़ेगा लेकिन उन्नति की राह खुलेगी। बजट बनाकर चलें। मित्रों व परिवार का सहयोग मिलेगा। विद्यार्थी तनावमुक्त रहेंगे।
शुभ अंक: 1
शुभ रंग: सुनहरा


♍ कन्या राशि (Virgo)

👉 निर्णय क्षमता मजबूत रहेगी। धार्मिक कार्यों में मन लगेगा। भाई-बहनों को दी सलाह मान्य होगी। बड़ा प्रोजेक्ट हाथ लग सकता है।
शुभ अंक: 7
शुभ रंग: नीला


♎ तुला राशि (Libra)

👉 परिवार के साथ समय बिताएँगे। मांगलिक कार्यक्रम संभव। विरोधियों से सावधान रहें। आत्मविश्वास बनाए रखें।
शुभ अंक: 3
शुभ रंग: गुलाबी


♏ वृश्चिक राशि (Scorpio)

👉 खर्च बढ़ेगा। कार्यक्षेत्र में अड़चनें आएंगी। धन में वृद्धि होगी। खास लोगों से मुलाकात संभव।
शुभ अंक: 4
शुभ रंग: भूरा


♐ धनु राशि (Sagittarius)

👉 अधूरे काम पूरे होंगे। मित्र निवेश संबंधी सुझाव देंगे। जीवनसाथी के साथ घूमने जाएंगे। तनाव कम होगा।
शुभ अंक: 8
शुभ रंग: नारंगी


♑ मकर राशि (Capricorn)

👉 रुका धन मिलेगा। नौकरी व पार्टनरशिप में बदलाव के अवसर। प्रतिस्पर्धा का भाव रहेगा। संतान जिम्मेदारी निभाएगी।
शुभ अंक: 10
शुभ रंग: काला


♒ कुंभ राशि (Aquarius)

👉 बिजनेस में कठिनाई के बाद भी लाभ होगा। पिताजी से मतभेद संभव। अविवाहितों के लिए रिश्ते आएंगे। कार्यक्षेत्र की राजनीति से बचें।
शुभ अंक: 11
शुभ रंग: बैंगनी


♓ मीन राशि (Pisces)

👉 जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। सिंगल लोगों को नया साथी मिल सकता है। मेहनत से रोजगार मिलेगा। जल्दबाजी से बचें।
शुभ अंक: 12
शुभ रंग: आसमानी

रायपुर न्यूड पार्टी कांड: बाप-बेटे की करतूत का बड़ा खुलासा, एक गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में न्यूड पार्टी आयोजित करने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आदर्श अग्रवाल को मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी, कोतमा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय से तीन दिन का पुलिस रिमांड भी प्राप्त हुआ है।

पिता और भाई अभी फरार

पुलिस के अनुसार, आदर्श अग्रवाल अपने भाई हर्ष अग्रवाल और पिता दिनेश अग्रवाल के साथ मिलकर रायपुर में न्यूड पार्टी आयोजित कर रहा था। हालांकि, आदर्श गिरफ्तार हो चुका है लेकिन उसका भाई और पिता अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। दोनों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

न्यूड पार्टी
रायपुर में ‘न्यूड पार्टी’ का पोस्टर वायरल

सोशल मीडिया के जरिए योजना

जांच में सामने आया है कि इस आयोजन की योजना सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बनाई गई थी। आरोप है कि पार्टी में अश्लील गतिविधियां करवाई जा रही थीं और इसमें संवेदनशील वर्गों, नाबालिगों तक को लक्ष्य बनाया गया था।

रायपुर भाठागांव की इस फार्म में होनी थी न्यूड पार्टी: गृह निर्माण मंडल के रिटायर्ड EE की प्रॉपर्टी, देखें VIDEO

एसएस फार्म हाउस बना था आयोजन स्थल

सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले का मुख्य आयोजन स्थल एसएस फार्म हाउस बताया जा रहा है। पुलिस वहां से डिजिटल प्रमाण और अन्य साक्ष्य जुटा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

किन धाराओं में केस दर्ज?

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 (सार्वजनिक अशांति फैलाने), आईटी एक्ट की धारा 67 और 67A (अश्लील सामग्री का प्रसार और नाबालिगों से संबंधित सामग्री का उपयोग) समेत कई गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

पुलिस की कार्रवाई जारी

आदर्श अग्रवाल से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है। पुलिस टीम आयोजन स्थल, सहयोगियों और आर्थिक लेन-देन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। एसएसपी रायपुर ने साफ निर्देश दिए हैं कि फरार आरोपी किसी भी हालत में बच नहीं पाएंगे।

महासमुंद पिथौरा, बसना मेडिकल स्टोर्स में भारी अनियमितताएं, संचालकों कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्य औषधि निरीक्षक लगातार औषधि प्रतिष्ठानों में जांच कर रहे हैं। हाल ही में किए गए निरीक्षण में पिथौरा, बसना, मेडिकल स्टोर्स में भारी अनियमितताएं पाई गईं।

इनमें शामिल हैं:

  • संजीवनी मेडिकल (पिथौरा)

  • वेद मेडिकल (बसना)

  • सत्यम मेडिकल (बसना)

निरीक्षण के दौरान 8 फर्मों में CCTV कैमरा की कमी पाई गई, जिन्हें 7 दिन के भीतर स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, कुल 11 औषधियों के विधिक नमूने राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजे गए।

विभाग ने 5 ब्लड सेंटर्स और 4 निर्माण इकाइयों का भी निरीक्षण किया और मुख्यालय को रिपोर्ट सौंप दी।

साथ ही, औषधियों की अधिसूचित कीमतों की निगरानी के दौरान 4 फर्मों में एक दवा की कीमत तय मूल्य से अधिक पाई गई, जिसके लिए नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA), दिल्ली में कार्रवाई के लिए प्रकरण दर्ज किया गया।

महासमुंद हत्या खुलासा: मृतक को रस्सी से बांधकर चाकू से गला रेतने वाली मां-बेटे गिरफ्तार

महासमुंद। ग्राम बेमचा में बीते दिन एक भयावह हत्या का मामला सामने आया। बडी नहर में पानी में तैरते मृतक की पहचान पिलेश्वर साहू के रूप में हुई। मृतक के मुंह में कपड़ा ठूसा गया था और शरीर पर गंभीर चोटें पाई गई थीं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि हत्या योजना बद्ध तरीके से की गई थी।

पुलिस ने अपराध धारा 103(1), 238 बी.एन.एस. के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पता चला कि मृतक देवकी बघेल के साथ पिछले 5 वर्षों से रह रहा था और अपनी पत्नी और बच्चों को छोड़ चुका था।

घटना की तहकीकात में पुलिस ने जानकारी प्राप्त की कि देवकी बघेल और उसका बेटा सुरेश बघेल घटना के मुख्य आरोपी हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या स्वीकार की। देवकी ने बताया कि मृतक अक्सर घर आकर शराब पीकर विवाद करता और परिवारिक मामलों में हस्तक्षेप करता था। 09 सितंबर 2025 की रात पिलेश्वर साहू उनके घर आया और विवाद शुरू हुआ।

महासमुंद में नहर पुलिया पर शॉकिंग लाश, गले पर घाव और गुप्तांग कटे मिले

आरोपियों ने पिलेश्वर साहू को रस्सी से खाट में बांधा और घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से गला रेत दिया। आवाज न निकले इसलिए मुंह में कपड़ा ठूसा गया। इसके अलावा, देवकी ने पेचकस से आंख में वार किया और सुरेश ने गुप्तांग को काटा। मृतक के चेहरे में मुरूम डालकर पहचान छुपाई गई।

हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया और मोबाइल व कपड़े भी नहर में फेंके गए। पुलिस ने घटना स्थल से हत्या में प्रयुक्त चाकू, रस्सी, पेचकस और खून लगे कपड़े बरामद किए।


गिरफ्तार आरोपी

  1. देवकी बघेल – पति स्व. धनीराम बघेल, उम्र 45 वर्ष, बेमचा, थाना महासमुन्द

  2. सुरेश बघेल – पिता स्व. धनीराम बघेल, उम्र 21 वर्ष, बेमचा, थाना महासमुन्द

दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए हैं।

यहां देखे वीडियो

 

भूख और बर्बादी के बीच संतुलन की राह: डॉ नीरज गजेंद्र

डॉ नीरज गजेंद्र

आज के हालात पर नजर डालें तो तस्वीर चिंता में डाल देती है। खेत की मिट्टी थक चुकी है। रासायनिक खाद से उसकी ताकत कम हो रही है। किसान मेहनत करता है। मगर फसल का उचित दाम उसे नहीं मिलता। गांव-शहर की गलियों में गाय-भैंस कचरा और प्लास्टिक खाकर बीमार हो रही हैं। पराली का धुआं बड़े-बड़े शहरों को घेर लेता है। शादी-ब्याह के पंडालों में थालियां सजती हैं और अगले ही दिन उतना ही अन्न कूड़े में मिलता है। वहीं दूसरी ओर करोड़ों लोग भूखे पेट सो जाते हैं। वास्तव में इन दिनों हमारे आसपास की असली तस्वीर यही है। वैदिक ऋषि इस पर अपना चिंतन व्यक्त करते रहे हैं। हजारों साल पहले हमारे मार्गदर्शी धर्मग्रंथों ने अन्न के बंटवारे पर सुंदर सूत्र दिए हैं। ऋग्वेद के अनुसार ये सूत्र धार्मिक अनुष्ठान के साथ समाज और प्रकृति का संतुलन रहे हैं। हम चाहें तो आज की हर समस्या का हल इसमें ढूंढ सकते हैं।

ऋग्वेद में कहा गया है  कि जो व्यक्ति स्वयं अन्न पाकर दूसरों को नहीं देता, वह पाप करता है। इसका आशय है कि अन्न पहला अधिकार उसे संचित करने वाले के साथ-साथ उन सभी का है जिन्होंने बीज से अनाज तक के सफर में सहयोग किया। ग्रंथ के अनुसार अनाज पर पहला अधिकार जमीन के चार अंगुल नीचे की भूमि का है। बीज रूपी अनाज जब मिट्टी में जाता है तो धरती माता उसे अपनी गोद में पालती है। इसीलिए कहा गया है माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः यानि धरती मां है और हम सब उसके पुत्र हैं। खेत की मिट्टी को अगर हम जहर देंगे तो आने वाली पीढ़ियां भूख से मरेंगी। समाधान सीधा है मिट्टी को पोषण दो। जैविक खाद, फसल चक्र और पानी का संतुलन ही उसकी असली देखभाल है।

अगला अधिकार पशुओं का है। अनाज अंकुरित होता है, तो उसके पौधे पर पहला हक पशुओं का माना गया है। क्योंकि गाय-बैल ही खेती की असली ताकत हैं। कहा गया है कि गोभिः प्रजाभिर्यजमानमश्वैः। गाय और पशु ही जीवन और यज्ञ के सहायक हैं। आज जब पशु प्लास्टिक खाकर मर रहे हैं तो यह हमारी भूल है। उन्हें चारा देंगे तो वे हमें दूध देंगे, खेत के लिए खाद देंगे और खेती को टिकाऊ बनाएंगे। उत्पादन के बाद फसल की पहली बाली को अग्नि और पक्षियों की मानी गई है। अग्नि के बिना जीवन का कोई यज्ञ पूरा नहीं होता और पक्षियों के बिना पर्यावरण का कोई संतुलन नहीं रहता। अग्निर्होता कविक्रतुः सत्यम्। अग्नि सबका प्रथम ग्रहणकर्ता है। पक्षियों को मित्र माना गया है। आज पराली का धुआं वायुमंडल को घेरता है। चिड़ियों की चहचहाहट गायब हो रही है, तब हमें यही स्मरण करना होगा कि प्रकृति को उसका हिस्सा लौटाना है।

फिर आता है निर्धन और अतिथि का हिस्सा। न तस्याश्नन्ति केवला, इदं भुक्तं य इदं सख्युः। यानि अन्न का उपभोग अकेले करना पाप है। भूखे को अन्न देना ही सबसे बड़ा पुण्य है। आज जब एक तरफ करोड़ों लोग भूखे हैं और दूसरी तरफ अन्न बर्बाद हो रहा है, यह हमें झकझोरती है। इसका सीधा समाधान हर आयोजन में बचा हुआ अन्न जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। अंततः शेष अन्न गृहस्थ का है। किसान का है। वही अन्नदाता है। मगर दुख की बात है कि किसान ही अपनी फसल का उचित दाम नहीं पा रहा। यही कारण है कि कर्ज से दबकर वह आत्महत्या करने पर मजबूर होता है। वैदिक परंपरा कहती है अन्नं न निन्द्यात् तद्व्रतम्। अन्न की निंदा मत करो। इसका मतलब है किसान का अपमान मत करो।

आज के सलाहकारों और नीति-निर्माताओं के लिए यह दृष्टि दिशा दिखाती है। अगर वे यह संदेश फैलाएं कि अनाज पर धरती, पशु-पक्षियों, निर्धनों और अतिथियों और किसान का हक पहला है, तो योजनाएं कागज से निकलकर दिलों तक पहुंचेंगी। भारतीय संस्कृति हमेशा यही कहती रही है अन्नं ब्रह्म। विज्ञान भी कहता है कि सस्टेनेबल फार्मिंग ही भविष्य है। ऋग्वेद दोनों को जोड़ देता है। अन्न केवल थाली का भोजन नहीं, जीवन का संतुलन भी है। आज जब दुनिया भूख, असमानता और जलवायु संकट से जूझ रही है, तो यह अन्न-वितरण सूत्र हमें प्रकाश की तरह राह दिखाता है। धरती, पशु, पक्षी, निर्धन, अतिथि और किसान सबका हिस्सा स्वीकार कर लेंगे तो आने वाली पीढ़ियां न केवल पेट भरेंगी बल्कि संतुलित और सुखमय जीवन भी पाएंगी। संदेश साफ है अन्न बांटिए, धरती संभालिए, जीवन संतुलित कीजिए।  आज अगर कोई व्यक्ति सचमुच सलाहकार बनना चाहता है तो उसे आंकड़ों और आंकलनों से आगे बढ़कर मनुष्यता और प्रकृति की संवेदना का वाहक बनना होगा। अगर वह वेद के इस अन्न-वितरण के सूत्र को समझकर नीतियां बनाए और लोगों तक पहुंचाए तो समाज के दिलों में भी जगह बना सकता है।