कोटमीकला ज्वेलरी कारोबारी हत्याकांड का खुलासा: सात आरोपी गिरफ्तार, हथियार व लूटे गए आभूषण बरामद

पेंड्रा। कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए मामले में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार, जिंदा कारतूस, लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और कार भी बरामद की है।

झारखंड से रची गई थी वारदात की साजिश

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी झारखंड से ट्रेन के जरिए अकलतरा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। यहां से मुख्य आरोपी एवं मास्टरमाइंड खुशीराम साहू उन्हें अपने गांव बिटकुला लेकर गया। इसके बाद आरोपियों ने खम्हरिया स्थित एक होंडा शोरूम से ग्लैमर मोटरसाइकिल खरीदी और वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।

26 मई को कोटमीकला साप्ताहिक बाजार पहुंचकर आरोपियों ने ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी से लूटपाट का प्रयास किया। इस दौरान प्रदीप सोनी ने बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। खुद को घिरता देख आरोपी राहुल उर्फ मनीष मंडल ने उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद जंगल में छिपे आरोपी

गोली मारने के बाद आरोपी जंगल के रास्ते फरार हो गए, लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण पूरी रात बोदरापारा-तिलोरा के जंगल में छिपे रहे। अगले दिन सुबह आरोपियों ने आपस में संपर्क कर स्थानीय ग्रामीणों से रास्ते की जानकारी ली और लूटे गए आभूषणों का बंटवारा कर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, मनीष मंडल अपने दो साथियों के साथ बस और ट्रेन के माध्यम से वापस झारखंड भाग गया, जबकि मास्टरमाइंड खुशीराम साहू मोटरसाइकिल से देवरीखुर्द होते हुए बस्तीबगरा पहुंचा। वहां उसने अपने दामाद श्रेयांस शुक्ला को बुलाकर लूट के आभूषणों का एक हिस्सा सौंप दिया और बाद में अपने गांव लौट गया।

रेकी कर बनाई गई थी लूट की योजना

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि खुशीराम साहू ने बिहार और झारखंड के अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र के सोना-चांदी कारोबारियों की रेकी की थी। लंबे समय तक निगरानी करने के बाद कोटमीकला बाजार में प्रदीप सोनी को निशाना बनाया गया।

26 मई की शाम आरोपियों ने सोना-चांदी से भरा बैग लूटने की कोशिश की, लेकिन विरोध करने पर मनीष मंडल ने अवैध हथियार से गोली चला दी, जिससे प्रदीप सोनी की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी आभूषण लेकर फरार हो गए।

दो सप्ताह में पुलिस ने सुलझाया मामला

घटना के बाद पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर जांच और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बिहार और झारखंड तक पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आरोपियों से बरामद हुए हथियार और आभूषण

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर:

  • 2 देशी कट्टे
  • 4 जिंदा कारतूस
  • 1 खोखा
  • लगभग 40 ग्राम सोने के आभूषण
  • 4 किलो 480 ग्राम चांदी के आभूषण
  • 7 मोबाइल फोन
  • 2 मोटरसाइकिल
  • 1 स्विफ्ट कार

बरामद की है।

पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी आए सामने

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ बिहार और झारखंड में लूट एवं चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम को मिलेगा एक लाख रुपये का इनाम

इस चर्चित हत्याकांड का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम के कार्यों की सराहना करते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने टीम के सदस्यों को एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

इस कार्रवाई में जीपीएम, बिलासपुर और मुंगेली पुलिस के अलावा साइबर सेल तथा एसीसीयू की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मौसम अलर्ट: राजस्थान में आंधी-ओलावृष्टि, छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश में गरज चमक, ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी

नई दिल्ली मौसम अलर्ट:। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों के लिए महत्वपूर्ण मौसम चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 13 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत में वर्षा गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। 11 और 12 जून को कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाएं, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। वहीं पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।

राजस्थान: आंधी, धूलभरी हवाएं और ओलावृष्टि का खतरा

मौसम अलर्ट: राजस्थान में मौसम का सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 जून को पूर्वी एवं पश्चिमी राजस्थान में तेज आंधी चलने की संभावना है, जिसकी गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तथा झोंकों के साथ 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

  • पूर्वी राजस्थान में 10 से 16 जून तक तथा पश्चिमी राजस्थान में 11 से 16 जून तक बारिश की संभावना।
  • 14 से 16 जून के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
  • 11 से 13 जून तक पश्चिमी राजस्थान तथा 11-12 जून को पूर्वी राजस्थान में धूलभरी आंधी चलने की संभावना।
  • 10 जून को पूर्वी राजस्थान तथा 10-11 जून को पश्चिमी राजस्थान में लू चलने का अलर्ट।

मध्यप्रदेश: बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना

मध्यप्रदेश में 10 से 16 जून तक कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

  • मौसम अलर्ट: पूर्वी एवं पश्चिमी मध्यप्रदेश में 10, 11 और 14 जून को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।
  • 12 और 13 जून को आंधी की गतिविधियां तेज होने की संभावना है, हवा की गति 50-60 किमी प्रति घंटा तथा झोंके 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।
  • 12 जून को पूर्वी एवं पश्चिमी मध्यप्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है।

छत्तीसगढ़: गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम अलर्ट: छत्तीसगढ़ में 10 से 16 जून तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना बनी हुई है।

  • 10 जून को गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना।
  • 11 और 12 जून को आंधी की स्थिति बन सकती है, हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटा तथा झोंके 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।
  • 13 और 14 जून को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।

ओडिशा: भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

ओडिशा में मानसूनी गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं।

  • 11 और 12 जून को व्यापक वर्षा की संभावना।
  • 11 जून को कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की संभावना।
  • 12 और 13 जून को अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा का अलर्ट।
  • 10 से 16 जून तक गरज-चमक और तेज हवाओं का असर बना रहेगा।
  • 10 और 11 जून को 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है, जिसके झोंके 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।

देशभर में मौसम की प्रमुख स्थिति

  • मौसम अलर्ट: 13 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना रहेगा।
  • जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 से 13 जून के दौरान व्यापक वर्षा, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना।
  • पूर्वोत्तर भारत में 10 से 16 जून तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने के आसार।
  • असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी।
  • केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी अगले 5 से 7 दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना।

तापमान में राहत

मौसम अलर्ट: मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 11 से 13 जून के बीच अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मध्य भारत में 12 जून के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम अलर्ट: मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और आम नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

“एक्सपायरी सलाइन चढ़ाकर मरीज की जान से खिलवाड़! भंवरपुर स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही पर उठे बड़े सवाल”

महासमुंद/बसना एक्सपायरी सलाइन। बसना ब्लॉक अंतर्गत भंवरपुर स्वास्थ्य केंद्र में कथित लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। दस्त की शिकायत पर भर्ती कराई गई महिला मरीज अहिल्या राणा को कथित तौर पर एक्सपायरी डेट समाप्त हो चुकी नॉर्मल सलाइन (एनएस) की बोतल चढ़ा दी गई। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, अहिल्या राणा की तबीयत खराब होने पर उनके परिजनों ने उन्हें भंवरपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। पीड़िता के पति एवं शिकायतकर्ता हार लाल राणा का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉ. मुकेश पटेल द्वारा उनकी पत्नी को एनएस की बोतल चढ़ाई गई। बोतल पूरी तरह समाप्त होने के बाद परिजनों की नजर उस पर अंकित एक्सपायरी डेट पर पड़ी, जो मार्च माह में ही समाप्त हो चुकी थी।

हार लाल राणा का कहना है कि बोतल चढ़ाने के बाद डॉक्टर ने कुछ देर में वापस आकर देखने की बात कही थी। इसी दौरान परिजनों ने सलाइन बोतल को ध्यान से देखा तो उसकी वैधता अवधि समाप्त पाई गई। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. नारायण साहू से की।

घटना के बाद क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बन गया है कि जिस एक्सपायरी डेट को मरीज के परिजनों ने देख लिया, वह अस्पताल के जिम्मेदार कर्मचारियों और चिकित्सा स्टाफ की नजर से कैसे चूक गई। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि मरीज की जान को जोखिम में डालने जैसा गंभीर मामला माना जाएगा।

इस संबंध में बीएमओ डॉ. नारायण साहू ने बताया कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है और इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बीएमओ ने यह भी बताया कि संबंधित महिला की तबीयत वर्तमान में सामान्य है और वह सुरक्षित है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दी जाने वाली दवाइयों और जीवनरक्षक तरल पदार्थों की गुणवत्ता जांच की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? यदि अस्पतालों में एक्सपायरी सामग्री का उपयोग हो रहा है, तो यह स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर खामी को उजागर करता है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

चावल देखकर भविष्य बताने वाले कथावाचक नरेंद्र नयन शास्त्री गिरफ्तार, दुष्कर्म के आरोप में पुलिस की कार्रवाई

महासमुंद। जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म के एक मामले में पुलिस ने कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य के रूप में पहचान रखने वाले रायपुर जिले के निवासी नरेंद्र नयन शास्त्री को गिरफ्तार किया है। एक महिला की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर बागबाहरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म से संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई, जिसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

sitename%

सिलयारी से गिरफ्तार कर बागबाहरा लाई पुलिस

सूत्रों के मुताबिक नरेंद्र नयन शास्त्री रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र के निवासी हैं और कथावाचन तथा ज्योतिष के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उन्हें “चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा” के रूप में भी पहचान मिली हुई है। महासमुंद पुलिस की टीम ने उन्हें सिलयारी से गिरफ्तार कर बागबाहरा लाया।

हाई प्रोफाइल मामले के रूप में हो रही जांच

आरोपी की सार्वजनिक पहचान और धार्मिक कार्यक्रमों से जुड़े होने के कारण मामले को हाई प्रोफाइल माना जा रहा है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने जांच पूरी होने तक विस्तृत टिप्पणी करने से इंकार किया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।

नोट: आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। आरोपों की पुष्टि या खंडन का अंतिम निर्णय न्यायालय में सुनवाई और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगा।

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर विपक्षी दलों का केंद्र सरकार पर हमला

नई दिल्ली/भोपाल। मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने इस फैसले को लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हमला बताते हुए इसे “सीट चोरी” करार दिया है, जबकि भाजपा ने इसे “सत्य की जीत” बताया है।

शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और स्वायत्तता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने टिप्पणी की कि देश “दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र” से “दुनिया का सबसे बड़ा पूर्व लोकतंत्र” बनने की ओर बढ़ रहा है।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने नामांकन निरस्त किए जाने को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संसद के दोनों सदनों पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश कर रही है।

मंगलवार को राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया गया। इसके विरोध में कांग्रेस ने चुनाव आयोग का रुख किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, भूपेश बघेल, सचिन पायलट और के.सी. वेणुगोपाल सहित कई नेता नई दिल्ली स्थित चुनाव आयोग मुख्यालय पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन किया।

कांग्रेस का कहना है कि वह इस मामले में कानूनी और संवैधानिक स्तर पर लड़ाई जारी रखेगी तथा नामांकन रद्द करने के फैसले को चुनौती देगी।

10 जून 2026, बुधवार, इन राशियों के खास रहेगा समय

10 जून 2026, बुधवार: आज चंद्रमा की ऊर्जा अग्नि तत्व को सक्रिय कर रही है तथा गुरु-शुक्र के शुभ प्रभाव से संबंध, धन और अवसरों में वृद्धि के संकेत बन रहे हैं। वहीं बुध-शनि के प्रभाव से निर्णय लेते समय धैर्य और तथ्यपरक सोच आवश्यक रहेगी।

♈ मेष

दांपत्य: जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। पुराने मतभेद सुलझ सकते हैं। प्रेम संबंधों में खुलकर बातचीत लाभकारी रहेगी।

सेहत: सिरदर्द, तनाव या थकान महसूस हो सकती है। पर्याप्त जल सेवन करें।

आर्थिक: अचानक कोई नया कार्य या जिम्मेदारी आर्थिक लाभ का मार्ग खोल सकती है। निवेश में जल्दबाजी न करें।

सावधानी: क्रोध और आवेश पर नियंत्रण रखें।

शुभ अंक: 9

दैनिक उपाय: हनुमान जी को सिंदूर अर्पित करें।

मंत्र: ॐ क्रां क्रीं क्रौं सः भौमाय नमः।

रत्न: मूंगा

शुभ रंग: लाल


♉ वृषभ

दांपत्य: परिवार और जीवनसाथी के साथ मधुरता बनी रहेगी। भाई-बहनों से भी सहयोग मिलेगा।

सेहत: ऊर्जा अच्छी रहेगी, लेकिन अधिक भोजन से बचें।

आर्थिक: रुके हुए कार्य पूर्ण होने के योग हैं। धन लाभ और सम्मान की संभावना है।

सावधानी: अहंकार से बचें।

शुभ अंक: 6

दैनिक उपाय: सफेद मिठाई का दान करें।

मंत्र: ॐ शुक्राय नमः।

रत्न: हीरा या ओपल

शुभ रंग: सफेद


♊ मिथुन

दांपत्य: प्रेम संबंधों में उत्साह रहेगा। जीवनसाथी के साथ भविष्य की योजनाएं बन सकती हैं।

सेहत: मानसिक स्पष्टता और एकाग्रता बढ़ेगी।

आर्थिक: धन संबंधी उलझनों को बुद्धिमानी से सुलझा लेंगे। नई आय के स्रोत पर विचार हो सकता है।

सावधानी: छोटी-छोटी बातों में असुरक्षा की भावना न आने दें।

शुभ अंक: 5

दैनिक उपाय: हरे मूंग का दान करें।

मंत्र: ॐ बुं बुधाय नमः।

रत्न: पन्ना

शुभ रंग: हरा


♋ कर्क

दांपत्य: भावनात्मक निकटता बढ़ेगी। प्रेम में सकारात्मक संकेत मिल सकते हैं।

सेहत: पाचन संबंधी सावधानी रखें।

आर्थिक: गुरु और शुक्र का प्रभाव धन वृद्धि तथा अवसरों का संकेत दे रहा है।

सावधानी: भावुक होकर आर्थिक निर्णय न लें।

शुभ अंक: 2

दैनिक उपाय: शिवलिंग पर जल चढ़ाएं।

मंत्र: ॐ सोम सोमाय नमः।

रत्न: मोती

शुभ रंग: क्रीम


♌ सिंह

दांपत्य: साथी से अपेक्षाएं अधिक न रखें। संवाद में नरमी रखें।

सेहत: नींद पूरी करें, तनाव से बचें।

आर्थिक: सीमित संसाधनों में भी अच्छा प्रबंधन कर पाएंगे।

सावधानी: एक साथ बहुत सारे कार्य न लें।

शुभ अंक: 1

दैनिक उपाय: सूर्य को अर्घ्य दें।

मंत्र: ॐ घृणि सूर्याय नमः।

रत्न: माणिक्य

शुभ रंग: सुनहरा


♍ कन्या

दांपत्य: संबंधों में परिपक्वता आएगी। पुराने मुद्दों पर समाधान मिल सकता है।

सेहत: मानसिक विश्राम की आवश्यकता है।

आर्थिक: धीरे-धीरे लाभ बढ़ेगा। बचत पर ध्यान दें।

सावधानी: हर बात का अत्यधिक विश्लेषण न करें।

शुभ अंक: 5

दैनिक उपाय: गणेश जी को दूर्वा अर्पित करें।

मंत्र: ॐ गं गणपतये नमः।

रत्न: पन्ना

शुभ रंग: हल्का हरा


♎ तुला

दांपत्य: जीवनसाथी से खुलकर बात करें। गलतफहमियां दूर होंगी।

सेहत: कमर और गर्दन का ध्यान रखें।

आर्थिक: खर्च और आय में संतुलन बनाए रखें।

सावधानी: दूसरों की बातों में आकर निर्णय न लें।

शुभ अंक: 6

दैनिक उपाय: माता लक्ष्मी को गुलाब अर्पित करें।

मंत्र: ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः।

रत्न: ओपल

शुभ रंग: गुलाबी


♏ वृश्चिक

दांपत्य: संबंधों में विश्वास बढ़ेगा। प्रेम जीवन में सुधार होगा।

सेहत: एकाग्रता अच्छी रहेगी। अध्ययन या शोध कार्य में सफलता मिलेगी।

आर्थिक: नई योजना से लाभ संभव है।

सावधानी: जिद और कटु वाणी से बचें।

शुभ अंक: 8

दैनिक उपाय: हनुमान चालीसा का पाठ करें।

मंत्र: ॐ नमो भगवते रुद्राय।

रत्न: मूंगा

शुभ रंग: मरून


♐ धनु

दांपत्य: जीवनसाथी की भावनाओं को समझने का प्रयास करें।

सेहत: यात्रा या भागदौड़ से थकान हो सकती है।

आर्थिक: सलाहकार, शिक्षक या प्रबंधन क्षेत्र वालों को लाभ मिलेगा।

सावधानी: बिना जांचे किसी पर भरोसा न करें।

शुभ अंक: 3

दैनिक उपाय: पीली वस्तु का दान करें।

मंत्र: ॐ बृं बृहस्पतये नमः।

रत्न: पुखराज

शुभ रंग: पीला


♑ मकर

दांपत्य: भावनात्मक सुरक्षा की भावना बढ़ेगी। अविवाहितों को अच्छा प्रस्ताव मिल सकता है।

सेहत: जोड़ों के दर्द या अकड़न पर ध्यान दें।

आर्थिक: लंबे समय की योजना लाभदायक रहेगी।

सावधानी: नकारात्मक सोच से दूर रहें।

शुभ अंक: 8

दैनिक उपाय: शनि मंदिर में तिल का तेल अर्पित करें।

मंत्र: ॐ शं शनैश्चराय नमः।

रत्न: नीलम (ज्योतिषीय सलाह के बाद)

शुभ रंग: नीला


♒ कुंभ

दांपत्य: रिश्तों में अचानक सकारात्मक बदलाव आ सकता है।

सेहत: रक्तचाप और तनाव नियंत्रित रखें।

आर्थिक: नेटवर्किंग और संपर्कों से लाभ होगा।

सावधानी: जल्दबाजी में निर्णय न लें।

शुभ अंक: 4

दैनिक उपाय: जरूरतमंद को कंबल या वस्त्र दान करें।

मंत्र: ॐ ह्रीं शनैश्चराय नमः।

रत्न: अमेथिस्ट

शुभ रंग: आसमानी


♓ मीन

दांपत्य: प्रेम और विश्वास मजबूत होगा। परिवार का सहयोग मिलेगा।

सेहत: मानसिक शांति बनी रहेगी, योग लाभदायक रहेगा।

आर्थिक: धन संचय और बचत के अच्छे अवसर मिलेंगे।

सावधानी: भावनाओं में बहकर खर्च न करें।

शुभ अंक: 7

दैनिक उपाय: भगवान विष्णु को तुलसी अर्पित करें।

मंत्र: ॐ नमो नारायणाय।

रत्न: पुखराज

शुभ रंग: पीला


आज का सर्वश्रेष्ठ राशिफल

🥇 वृषभ – धन, भाग्य और कार्यसिद्धि के प्रबल योग।
🥈 मिथुन – बुद्धि, करियर और निर्णय क्षमता में सफलता।
🥉 वृश्चिक – अध्ययन, एकाग्रता और संबंधों में प्रगति।

आज का सार्वभौमिक शुभ मंत्र (सभी राशियों हेतु):
“ॐ गं गणपतये नमः” – 108 बार जप करने से विघ्नों में कमी और कार्यों में सफलता की संभावना बढ़ती है।

PM आवास में गड़बड़ी: पंचायत बोली- नींव नहीं खोदी, पोर्टल में मकान पूर्ण

बागबाहरा/महासमुंद। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत एक आवास को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सरकारी रिकॉर्ड में आवास को पूर्ण (Completed) दर्शाया गया है, जबकि ग्राम पंचायत के प्रस्ताव और स्थानीय स्तर पर सामने आए तथ्यों में निर्माण शुरू नहीं होने का उल्लेख है। मामले में जियो टैगिंग, मनरेगा भुगतान और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

मामला बागबाहरा जनपद पंचायत अंतर्गत खट्‌टी पंचायत के ग्राम सेनभाठा की हितग्राही हेमिन बाई पति रामजी से जुड़ा है। पीएम आवास योजना की सूची में हेमिन बाई का नाम दर्ज है और पोर्टल पर आवास की स्थिति “Completed” दर्शाई गई है।

पुराने मकान के सामने खड़े होकर कराया गया जियो टैग?

ग्रामीणों और पंचायत सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिस मकान को पीएम आवास के तहत निर्मित बताया गया है, वह परिवार का पहले से बना हुआ पुराना मकान है। आरोप है कि हितग्राही ने इसी पुराने भवन के सामने खड़े होकर जियो टैगिंग कराई और आवास मित्र ने बिना वास्तविक निर्माण की जांच किए आवास को पूर्ण दर्शा दिया। यदि जांच में यह तथ्य सही पाए जाते हैं तो आवास निर्माण की निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं।

07 sitename%

पंचायत का दावा- नींव तक नहीं खोदी गई

मामले को और गंभीर बनाता है ग्राम पंचायत का प्रस्ताव। पंचायत द्वारा पारित प्रस्ताव में कुल 14 हितग्राहियों के नाम शामिल हैं, जिनमें हेमिन बाई का नाम भी दर्ज है। प्रस्ताव में उल्लेख किया गया है कि संबंधित हितग्राहियों के आवास निर्माण की नींव खुदाई तक शुरू नहीं हुई है। पंचायत ने ऐसे मामलों में प्रधानमंत्री आवास योजना को निरस्त करने और जारी राशि की वसूली की अनुशंसा की है। प्रस्ताव पर पंचायत प्रतिनिधियों और सदस्यों के हस्ताक्षर तथा मुहर भी दर्ज है।

मनरेगा भुगतान पर भी उठे सवाल

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को निर्माण कार्य में मजदूरी मद से मनरेगा के माध्यम से भी भुगतान किया जाता है। जानकारी के अनुसार हेमिन बाई के आवास प्रकरण में अंतिम किस्त के रूप में लगभग 22 हजार रुपये श्रमिकों के नाम पर जारी किए गए हैं।

आरोप है कि रोजगार सहायक ने वास्तविक निर्माण और श्रम कार्य का सत्यापन किए बिना हाजिरी दर्ज कर दी, जिसके आधार पर मजदूरी भुगतान हो गया। हालांकि इस संबंध में रोजगार सहायक का कहना है कि सभी भुगतान निर्धारित शासकीय प्रक्रिया और नियमों के अनुसार किए गए हैं।

रिकॉर्ड और जमीनी हकीकत में विरोधाभास

एक तरफ सरकारी पोर्टल में आवास पूर्ण दर्शाया गया है, दूसरी तरफ पंचायत के प्रस्ताव में निर्माण शुरू नहीं होने की बात कही गई है। वहीं ग्रामीण स्तर पर पुराने मकान को जियो टैग किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं। ऐसे में पूरे मामले में रिकॉर्ड और जमीनी स्थिति के बीच बड़ा विरोधाभास दिखाई दे रहा है।

सीईओ बोले- जांच कराएंगे

मामले को लेकर बागबाहरा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) एन.एस. मंडावी ने कहा कि शिकायत और सामने आए तथ्यों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

09 जून 2026 राशिफल: मंगलदेव की कृपा से चमकेगी इन राशियों की किस्मत, जानें मेष से मीन तक दांपत्य, सेहत, धन और करियर का हाल

09 जून 2026 राशिफल: मंगलवार का दिन साहस, ऊर्जा, पराक्रम और निर्णय क्षमता का प्रतीक माना जाता है। आज ग्रहों की स्थिति कई राशियों के लिए नए अवसर लेकर आ रही है, वहीं कुछ राशियों को धैर्य और संयम बनाए रखने की आवश्यकता रहेगी। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का विस्तृत राशिफल

♈ मेष राशि

दांपत्य: जीवनसाथी के साथ संबंध मधुर रहेंगे। किसी पुराने विवाद का समाधान हो सकता है।
सेहत: सिरदर्द या थकान महसूस हो सकती है। पर्याप्त पानी पीएं।
आर्थिक: रुका हुआ धन मिलने के संकेत हैं। व्यापार में लाभ होगा।
सावधानी: क्रोध पर नियंत्रण रखें, अन्यथा रिश्तों में तनाव आ सकता है।

शुभ अंक: 9
शुभ रंग: लाल
शुभ रत्न: मूंगा
दैनिक उपाय: हनुमान जी को सिंदूर अर्पित करें।
मंत्र: ॐ क्रां क्रीं क्रौं सः भौमाय नमः।


♉ वृषभ राशि

दांपत्य: जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। परिवार में खुशियों का माहौल रहेगा।
सेहत: खानपान पर ध्यान दें, पेट संबंधी परेशानी हो सकती है।
आर्थिक: निवेश से लाभ मिल सकता है। नौकरीपेशा लोगों को अच्छी खबर मिलेगी।
सावधानी: किसी पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।

शुभ अंक: 6
शुभ रंग: सफेद
शुभ रत्न: हीरा
दैनिक उपाय: गाय को हरी घास खिलाएं।
मंत्र: ॐ शुक्राय नमः।


♊ मिथुन राशि

दांपत्य: प्रेम संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। वैवाहिक जीवन संतुलित रहेगा।
सेहत: मानसिक तनाव से बचें। योग और ध्यान लाभकारी रहेगा।
आर्थिक: नए आय स्रोत बन सकते हैं। व्यापार में विस्तार की योजना बनेगी।
सावधानी: अनावश्यक खर्चों से बचें।

शुभ अंक: 5
शुभ रंग: हरा
शुभ रत्न: पन्ना
दैनिक उपाय: पक्षियों को दाना डालें।
मंत्र: ॐ बुं बुधाय नमः।


♋ कर्क राशि

दांपत्य: भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा। परिवार के साथ अच्छा समय बिताएंगे।
सेहत: मौसमी बीमारियों से सावधान रहें।
आर्थिक: धन लाभ के अवसर मिलेंगे। पुराना निवेश लाभ दे सकता है।
सावधानी: भावनाओं में बहकर निर्णय न लें।

शुभ अंक: 2
शुभ रंग: क्रीम
शुभ रत्न: मोती
दैनिक उपाय: शिवलिंग पर जल अर्पित करें।
मंत्र: ॐ सोम सोमाय नमः।


♌ सिंह राशि

दांपत्य: जीवनसाथी के साथ किसी महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा हो सकती है।
सेहत: ऊर्जा बनी रहेगी, लेकिन अत्यधिक कार्यभार से बचें।
आर्थिक: व्यवसाय में लाभ होगा। पदोन्नति के संकेत मिल सकते हैं।
सावधानी: अहंकार से बचें।

शुभ अंक: 1
शुभ रंग: सुनहरा
शुभ रत्न: माणिक्य
दैनिक उपाय: सूर्य को जल अर्पित करें।
मंत्र: ॐ घृणि सूर्याय नमः।


♍ कन्या राशि

दांपत्य: रिश्तों में पारदर्शिता बनाए रखें। गलतफहमी दूर होगी।
सेहत: त्वचा या एलर्जी संबंधी समस्या हो सकती है।
आर्थिक: आय और व्यय में संतुलन रहेगा।
सावधानी: दस्तावेजों की जांच किए बिना हस्ताक्षर न करें।

शुभ अंक: 7
शुभ रंग: हल्का हरा
शुभ रत्न: पन्ना
दैनिक उपाय: जरूरतमंद को हरी सब्जी दान करें।
मंत्र: ॐ बुधाय नमः।


♎ तुला राशि

दांपत्य: प्रेम और विश्वास बढ़ेगा। अविवाहित लोगों को शुभ समाचार मिल सकता है।
सेहत: स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।
आर्थिक: साझेदारी के कार्यों में लाभ होगा।
सावधानी: कानूनी मामलों में लापरवाही न करें।

शुभ अंक: 6
शुभ रंग: गुलाबी
शुभ रत्न: ओपल
दैनिक उपाय: मां लक्ष्मी की पूजा करें।
मंत्र: ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः।


♏ वृश्चिक राशि

दांपत्य: जीवनसाथी के साथ संबंध मजबूत होंगे।
सेहत: रक्तचाप और तनाव पर ध्यान दें।
आर्थिक: अचानक धन लाभ के योग हैं।
सावधानी: किसी विवाद में पड़ने से बचें।

शुभ अंक: 8
शुभ रंग: गहरा लाल
शुभ रत्न: मूंगा
दैनिक उपाय: हनुमान चालीसा का पाठ करें।
मंत्र: ॐ अं अंगारकाय नमः।


♐ धनु राशि

दांपत्य: परिवार में मांगलिक चर्चा हो सकती है।
सेहत: स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। यात्रा से लाभ होगा।
आर्थिक: नौकरी और व्यापार दोनों में प्रगति के संकेत हैं।
सावधानी: जल्दबाजी में निर्णय न लें।

शुभ अंक: 3
शुभ रंग: पीला
शुभ रत्न: पुखराज
दैनिक उपाय: केले के वृक्ष की पूजा करें।
मंत्र: ॐ बृं बृहस्पतये नमः।


♑ मकर राशि

दांपत्य: जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा, जिससे मन प्रसन्न रहेगा।
सेहत: कमर या जोड़ों में दर्द की शिकायत हो सकती है।
आर्थिक: धन संचय के लिए दिन अनुकूल है।
सावधानी: कार्यस्थल पर विरोधियों से सतर्क रहें।

शुभ अंक: 8
शुभ रंग: नीला
शुभ रत्न: नीलम
दैनिक उपाय: शनि मंदिर में तिल का दान करें।
मंत्र: ॐ शं शनैश्चराय नमः।


♒ कुंभ राशि

दांपत्य: संबंधों में नई ऊर्जा आएगी। जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा।
सेहत: नींद पूरी लें, मानसिक थकान दूर होगी।
आर्थिक: नई योजनाओं से लाभ होगा।
सावधानी: किसी भी प्रकार के विवाद से दूर रहें।

शुभ अंक: 4
शुभ रंग: आसमानी
शुभ रत्न: अमेथिस्ट
दैनिक उपाय: गरीबों को कंबल या वस्त्र दान करें।
मंत्र: ॐ हं हनुमते नमः।


♓ मीन राशि

दांपत्य: प्रेम और भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा। परिवार में सुखद वातावरण रहेगा।
सेहत: स्वास्थ्य बेहतर रहेगा, पुरानी परेशानी में राहत मिल सकती है।
आर्थिक: निवेश से लाभ और नई आय के अवसर प्राप्त होंगे।
सावधानी: दूसरों की बातों में आकर निर्णय न लें।

शुभ अंक: 7
शुभ रंग: पीला
शुभ रत्न: पुखराज
दैनिक उपाय: भगवान विष्णु की पूजा करें और तुलसी में जल चढ़ाएं।
मंत्र: ॐ नमो भगवते वासुदेवाय।

आज का विशेष ज्योतिषीय संदेश

मंगलवार होने के कारण हनुमान जी की उपासना विशेष फलदायी रहेगी। साहस, आत्मविश्वास और शत्रु बाधा से मुक्ति के लिए हनुमान चालीसा का पाठ करें तथा जरूरतमंदों को लाल वस्त्र, मसूर दाल या गुड़ का दान करें। इससे मंगल ग्रह की शुभता बढ़ेगी और कार्यों में सफलता प्राप्त होगी।

सांकरा थाना फिर सवालों के घेरे में: एएसआई पर 10 हजार रुपये मांगने का आरोप, दो दिन पहले आरक्षक का वीडियो हुआ था वायरल

महासमुंद। जिले के सांकरा थाना से जुड़ा एक और मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है। थाना में पदस्थ एएसआई विजेन्द्र चन्दनिया पर एक प्रकरण की विवेचना के दौरान 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायतकर्ता इन्द्रजीत प्रधान ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) महासमुंद से शिकायत की है। शिकायत के साथ कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया गया है।

शिकायत के अनुसार, इन्द्रजीत प्रधान एवं अन्य के विरुद्ध थाना सांकरा में एफआईआर क्रमांक 0032/2026 दर्ज है, जिसकी विवेचना एएसआई विजेन्द्र चन्दनिया कर रहे थे। आरोप है कि विवेचना के दौरान एएसआई द्वारा इन्द्रजीत प्रधान के भाई के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर मुलाकात के लिए बुलाया जाता था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इन कॉलों की रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है।

इन्द्रजीत प्रधान ने आरोप लगाया है कि जब वह थाना सांकरा पहुंचा तो एएसआई ने थाना परिसर के समीप एकांत स्थान पर बुलाकर उससे 10 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड भी उसके पास मौजूद है।

महासमुंद पुलिस विभाग में मचा हड़कंप! 2500 रुपए लेते दिखे आरक्षक? वीडियो वायरल

शिकायत में दावा किया गया है कि ऑडियो रिकॉर्डिंग के लगभग 6 मिनट 42 सेकेंड पर एएसआई यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि “मैं चाहता तो आप लोगों पर जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाकर जमानत रद्द करा सकता था, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया।” वहीं रिकॉर्डिंग के लगभग 4 मिनट 38 सेकेंड पर कथित रूप से 10 हजार रुपये देने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पहले राशि “टीआई साहब” के कहने पर मांगे जाने की बात कही गई, बाद में स्वयं के लिए पैसे मांगने की बात कही गई।

शिकायतकर्ता ने एसपी को दिए आवेदन में कहा है कि मूल ऑडियो रिकॉर्डिंग और रिकॉर्डिंग किया गया मोबाइल उसके पास सुरक्षित है तथा वह किसी भी विधिसम्मत जांच में सहयोग करने के लिए तैयार है। मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।

दो दिन पहले भी सामने आया था रिश्वत का मामला

गौरतलब है कि 6 जून 2026 को भी सांकरा थाना से जुड़ा एक मामला सामने आया था, जिसमें थाना में पदस्थ आरक्षक अरुण प्रताप सिंह का कथित रूप से पैसे लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि चालान की प्रति उपलब्ध कराने के नाम पर उससे 2500 रुपये लिए गए थे। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने संबंधित आरक्षक को पुलिस लाइन अटैच कर जांच शुरू कर दी थी।

अब एएसआई पर लगे नए आरोप के बाद सांकरा थाना एक बार फिर सुर्खियों में है। हालांकि दोनों मामलों में जांच जारी है और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

जांच के बाद ही होगी स्थिति स्पष्ट

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की जाएगी। ऑडियो रिकॉर्डिंग की सत्यता और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वहीं शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

नोट: खबर में उल्लेखित आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी

यहां देखें शिकायत की प्रति

ग्रामसभा में बवाल: अतिक्रमण विवाद पर भरे सभा में मारपीट, ग्रामीणों ने कोमाखान थाने में की शिकायत

कोमाखान/कुसमी। कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुसमी में आयोजित ग्रामसभा उस समय विवादों में घिर गई, जब अतिक्रमण के मुद्दे पर ग्रामीणों और कथित अतिक्रमणकारियों के बीच तीखी बहस मारपीट में बदल गई। घटना के दौरान ग्रामसभा में 200 से अधिक ग्रामीण मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्रामसभा में अतिक्रमण संबंधी विषय पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि राजू टीकम निषाद ने एक ग्रामीण के साथ भरे सभा में थप्पड़ मारते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद अन्य लोगों के भी शामिल होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया और सभा में जमकर हंगामा हुआ।

घटना के विरोध में शाम को करीब 40 से 50 ग्रामीण कोमाखान थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपित पक्ष के 10 से 12 लोगों ने मिलकर मारपीट की, जिसमें ग्रामीण राजू पटेल को गंभीर चोटें आई हैं।

₹1.11 करोड़ खर्च, फिर भी महासमुंद के कुसमी गांव प्यासा: कागजों में ‘हर घर जल’, 2 महीने से बंद नल

ग्रामीणों ने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

कोमाखान पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख बिंदु

  • ग्राम पंचायत कुसमी की ग्रामसभा में हुआ विवाद।
  • अतिक्रमण के मुद्दे पर शुरू हुई बहस मारपीट तक पहुंची।
  • 200 से अधिक ग्रामीण सभा में थे मौजूद।
  • राजू टीकम निषाद सहित अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप।
  • घायल राजू पटेल को चोटें आने की जानकारी।
  • 40-50 ग्रामीणों ने कोमाखान थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
  • दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग।